‘ओ’ रोमियो’ का नया गाना ‘इश्क का फीवर’ रिलीज, अरिजीत सिंह की आवाज़ ने किया फैंस को इमोशनल

Lucknow Focus News Desk: शाहिद कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ से नया रोमांटिक सॉन्ग ‘इश्क का फीवर’ रिलीज कर दिया गया है। अरिजीत सिंह की soulful आवाज़ में सजा यह गाना सामने आते ही फैंस के दिलों को छू गया। खास बात यह है कि यह गाना अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के ऐलान के कुछ ही दिनों बाद रिलीज हुआ है, जिसके चलते फैंस काफी इमोशनल नजर आ रहे हैं और उनसे कमबैक की अपील कर रहे हैं।
साजिद नाडियाडवाला और विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ इन दिनों अपने म्यूजिक की वजह से लगातार चर्चा में बनी हुई है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर इस फिल्म के पहले रिलीज हुए गाने ‘हम तो तेरे ही लिए थे’ और डांस नंबर ‘आशिकों की कॉलोनी’ को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब मेकर्स ने फिल्म का तीसरा गाना ‘इश्क का फीवर’ रिलीज कर दिया है।
खूबसूरत और सुकून भरा रोमांटिक ट्रैक
यह एक खूबसूरत और सुकून भरा रोमांटिक ट्रैक है, जिसे विशाल भारद्वाज ने कंपोज किया है और इसके बोल दिग्गज गीतकार गुलजार ने लिखे हैं। अरिजीत सिंह की भावनात्मक आवाज़ गाने को और भी खास बना देती है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी पर फिल्माया गया यह गाना प्यार, तड़प और इंतजार की भावना को बेहद सादगी से पेश करता है। गाने की शुरुआत फरीदा जलाल की प्रभावशाली पंक्तियों से होती है, जो इसके इमोशनल असर को और गहरा कर देती हैं। शाहिद और तृप्ति की केमिस्ट्री भी इस रोमांटिक माहौल में पूरी तरह फिट बैठती है।
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के इमोशनल रिएक्शन सामने आने लगे। एक यूज़र ने लिखा, “अरिजीत सिंह को बहुत मिस करूंगा,” जबकि दूसरे ने कहा, “मैं कभी नहीं चाहता कि अरिजीत का दौर खत्म हो।” कई फैंस ने कमेंट करते हुए लिखा, “कमबैक कर लो,” तो किसी ने इसे “प्लेबैक सिंगर के तौर पर अरिजीत भाई का आखिरी गाना” बताया।
अरिजीत के रिटायरमेंट पर विशाल भारद्वाज का इमोशनल पोस्ट
अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट के ऐलान के बाद निर्देशक विशाल भारद्वाज ने भी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे अरिजीत के साथ ‘इश्क का फीवर’ गुनगुनाते नजर आए, जबकि अरिजीत उसे रिकॉर्ड कर रहे थे। वीडियो के साथ विशाल ने एक इमोशनल नोट लिखते हुए अरिजीत के फैसले पर हैरानी जताई और इसे नाइंसाफी बताया। उन्होंने अरिजीत से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील भी की।
गौरतलब है कि फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ को साजिद नाडियाडवाला प्रेजेंट कर रहे हैं। इसका निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है और इसे नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।