उत्तर प्रदेश

यूपी में बारिश और हवाएं थमने के बाद चढ़ेगा दिन का पारा, समय से पहले दस्तक दे सकता है कोहरा

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रविवार से कमजोर पड़ने जा रहा है। बारिश और तेज हवाओं का दौर थमने के बाद प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जबकि रातें ज्यादा ठंडी होंगी। इसके साथ ही नमी के प्रभाव से सुबह के समय कोहरे की दस्तक भी देखने को मिल सकती है।

मौसम वैज्ञानिक का पूर्वानुमान

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार विंध्य क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रविवार से बारिश और आंधी का असर खत्म हो जाएगा। अगले तीन दिनों में दिन का अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, जिससे रात में ठंड बढ़ेगी। बारिश थमने के बाद सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनने की संभावना है।

शनिवार के तापमान और बारिश के आंकड़े

शनिवार को बादलों की मौजूदगी और बारिश के कारण गोरखपुर में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम (सबसे ठंडा दिन) रहा। वहीं मुजफ्फरनगर 14.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश की सबसे ठंडी रात वाला शहर रहा।

शनिवार को दर्ज की गई प्रमुख बारिश

  • गोरखपुर: 63.8 मिमी

  • सिद्धार्थनगर: 62.2 मिमी

  • बस्ती: 57.2 मिमी

  • महाराजगंज: 56.6 मिमी

  • मथुरा: 31.0 मिमी

नवंबर महीने में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे नवंबर महीने में उत्तर प्रदेश में बारिश सामान्य से कम रहने के आसार हैं और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि, मध्य और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की फुहारें पड़ सकती हैं। नवंबर में दिन और रात दोनों का औसतन तापमान सामान्य से अधिक रहने के संकेत हैं, जिससे इस साल नवंबर में ठंड का अहसास सामान्य से कम रह सकता है।

Related Articles

Back to top button