त्रेतायुगीन वैभव से सजेगी अयोध्या: अमित शाह करेंगे श्रीराम का राजतिलक, 5100 बातियों से होगी सरयू महाआरती

Lucknow Focus News Desk: रामनगरी अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव बेहद ऐतिहासिक और खास होने जा रहा है। सात नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह महर्षि वशिष्ठ की भूमिका निभाते हुए भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। अब तक यह परंपरा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निभाते आ रहे थे, लेकिन इस बार गृहमंत्री रामलला और माता सीता का राजतिलक कर उनकी आरती उतारेंगे।
त्रेतायुगीन स्वरूप और पुष्पक विमान का आगमन
अयोजन को पूरी तरह त्रेतायुग की दिव्य आभा देने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। पुष्पक विमान के प्रतीक रूप में हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप रामनगरी पहुंचेंगे। राम की पैड़ी से लेकर पूरे शहर को भव्यता से सजाया जा रहा है। सड़क के खंभों, पुलों, गलियों, चौराहों, मठों और मंदिरों में अद्भुत विद्युत सज्जा की जा रही है। शहर के एक पार्क में भव्य रामदरबार भी आकार ले रहा है, जिसके सामने अतिथियों के बैठने की विशेष व्यवस्था होगी। इस कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और देश-विदेश के कई संत-धर्माचार्य शामिल होंगे।
5100 बातियों से सरयू तट पर महाआरती
-
सरयू महाआरती: दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण सरयू तट होगा, जहां गृहमंत्री अमित शाह 5100 बातियों से महाआरती करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल भी मौजूद रहेंगे।
-
भव्य मंच और आतिशबाजी: आरती के लिए 30×20 वर्गफीट का विशेष मंच तैयार किया जा रहा है, यहीं से आतिशबाजी का विहंगम नजारा भी देखा जाएगा।
-
2147 अर्चक और बटुक: सरयू की भव्य महाआरती में 2147 अर्चक और बटुक हिस्सा लेंगे, जिनकी स्वर लहरियों से पूरा तट गूंज उठेगा।
शहरभर में लाइव प्रसारण की व्यवस्था
दीपोत्सव की भव्यता का आनंद हर कोई ले सके, इसके लिए अयोध्या के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन (LED Screens) लगाई जा रही हैं। कमिश्नर नवदीप रिणवा और डीएम नितीश कुमार के अनुसार, रामघाट, हनुमानगढ़ी, सिविल लाइन, गांधी पार्क, तेढ़ी बाजार, देवकाली बाईपास और अयोध्या कैंट सहित दो दर्जन से अधिक प्रमुख स्थानों पर लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




