इन्फोटेनमेन्ट

सोनम कपूर के घर फिर गूंजी किलकारी, बॉलीवुड क्वीन बनीं दूसरे बेटे की मां, करीना से लेकर परिणीति तक ने दी बधाई

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा सोनम कपूर के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। सोनम और उनके पति आनंद आहूजा रविवार, 29 मार्च 2026 को दूसरे बेटे के माता-पिता बन गए हैं। इस खुशखबरी को सोनम ने सोशल मीडिया पर एक बेहद प्यारे और कलात्मक पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया।

इंस्टाग्राम पर अनोखे अंदाज में बांटी खुशी

सोनम कपूर ने रविवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक खूबसूरत इलस्ट्रेशन (चित्र) वाला घोषणा कार्ड पोस्ट किया। इस चित्र में एक महिला प्रकृति के बीच बैठी हुई दिखाई दे रही है, जिसके चारों ओर हिरण, पक्षी और मोर जैसे जानवर हैं। पृष्ठभूमि में कोमल फूलों की आकृतियां और एक स्वप्निल परिदृश्य है।

कार्ड पर लिखे संदेश में कहा गया है ‘असीम कृतज्ञता और प्रेम से भरे दिलों के साथ, हम 29 मार्च, 2026 को अपने बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बेहद खुश हैं।’

पोस्ट में आगे लिखा है कि ‘हमारा परिवार बढ़ गया है, और उसके आगमन से हमारे दिल बेहद खूबसूरत तरीके से भर गए हैं। वायु अपने छोटे भाई का स्वागत करने के लिए बहुत खुश है, और हम इस अनमोल नए जीवन से बेहद धन्य महसूस करते हैं जिसने हमारे घर को खुशियों और कृपा से भर दिया है।’

बॉलीवुड सितारों का लगा तांता

सोनम कपूर के इस पोस्ट पर बॉलीवुड गलियारे से बधाइयों का तांता लग गया है। करीना कपूर खान से लेकर परिणीति चोपड़ा तक, कई दिग्गज सितारों ने कमेंट कर कपल को बधाई दी है और नन्हे मेहमान पर प्यार बरसाया है।

प्रेम रतन धन पायो के सेट पर शुरू हुई थी लव स्टोरी

सोनम कपूर और आनंद आहूजा की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात साल 2015 में हुई थी, जब सोनम सलमान खान के साथ फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ की शूटिंग कर रही थीं। दोस्ती प्यार में बदली और कुछ साल गुपचुप डेटिंग के बाद, साल 2018 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के चार साल बाद, 20 अगस्त 2022 को सोनम ने अपने पहले बेटे ‘वायु’ का स्वागत किया था।

सोनम कपूर बॉलीवुड के सुपरस्टार अनिल कपूर की बेटी हैं और उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। हालांकि, कुछ समय से वह काफी चुनिंदा प्रोजेक्ट्स ही कर रही हैं। एक बार फिर मां बनने पर पूरा कपूर और आहूजा परिवार बेहद खुश है।

Also Read: बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का जलवा, 9 दिनों में किया ‘जवान’ और ‘पठान’ के रिकॉर्ड ध्वस्त

Related Articles

Back to top button