इन्फोटेनमेन्ट

सोनम वांगचुक ने सोनाक्षी सिन्हा और ओमी वैद्य को कहा शुक्रिया, सेलेब्स ने अनशन के पक्ष में उठाई थी आवाज

Lucknow Focus News Desk: लद्दाख की मांगों को लेकर देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल (Anshan) पर बैठे विख्यात इंजीनियर, इनोवेटर और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में अब बॉलीवुड हस्तियां भी खुलकर सामने आ रही हैं। हाल ही में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और अभिनेता ओमी वैद्य द्वारा सोशल मीडिया पर वांगचुक के पक्ष में आवाज उठाए जाने के बाद, अब सोनम वांगचुक की टीम ने आधिकारिक तौर पर इन कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सेलेब्स की इंस्टाग्राम पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनम वांगचुक की टीम ने लिखा “एकजुटता दिखाने के लिए आपका शुक्रिया। हम इस कठिन समय में आपके इस कदम और समर्थन की सचमुच सराहना करते हैं।”

‘जब सोनम वांगचुक मर जाएंगे तब किसकी जिम्मेदारी होगी?’ — सोनाक्षी सिन्हा

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और बेहद आक्रामक वीडियो जारी कर इस मुद्दे पर अपनी बात रखी।

सोनाक्षी ने कहा, “मैं आमतौर पर ऐसे सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर बयान नहीं देती, लेकिन अब मुझसे चुप नहीं रहा जा रहा है। सोनम वांगचुक इतने दिनों से अनशन पर बैठे हैं, वे भूखे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि वांगचुक यह लड़ाई उन बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं, जो बर्बादी की तरफ जा रहा है। वे उस सिस्टम से मुकाबला कर रहे हैं जो ठीक से काम नहीं कर रहा है।

सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए सोनाक्षी ने तीखे लहजे में पूछा, “अगर इस अनशन के दौरान सोनम वांगचुक को कुछ हो जाता है या वे मर जाते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?” उन्होंने खुद को देश की भलाई चाहने वाली सजग युवा बताया।

‘मैं नहीं चाहता कि फुंसुक वांगडू मर जाएं’ — ओमी वैद्य

फिल्म ‘3 इडियट्स’ में ‘चतुर रामलिंगम’ का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से इस ओर ध्यान देने की अपील की:

ओमी वैद्य ने दर्शकों को याद दिलाया कि ‘3 इडियट्स’ फिल्म का प्रसिद्ध किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ असल में सोनम वांगचुक के जीवन और उनके आविष्कारों पर ही आधारित है। उन्होंने बताया कि वह व्यक्तिगत रूप से भी वांगचुक से मिल चुके हैं।

ओमी ने कहा, “वह एक बहुत लंबी भूख हड़ताल पर हैं और उनका ब्लड शुगर लेवल खतरनाक स्तर तक कम हो गया है। आप उनके विचारों से सहमत हों या न हों, लेकिन कोई भी यह नहीं चाहेगा कि देश के ऐसे अनूठे सुधारक की जान चली जाए। अपना काम छोड़कर एक पल के लिए देखें कि वहां क्या हो रहा है।”

19 दिनों से जारी है भूख हड़ताल

उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर पिछले 19 दिनों से लगातार भूख हड़ताल पर हैं। इतने लंबे समय तक अन्न त्यागने के कारण उनके स्वास्थ्य पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ओमी वैद्य और सोनाक्षी सिन्हा के अलावा फिल्म जगत और सामाजिक क्षेत्र की कई अन्य हस्तियों ने भी उनसे अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए सरकार से उनकी मांगों पर विचार करने का अनुरोध किया है।

Also Read: ‘RSS को लेकर बनाया गया गलत विमर्श, संघ के लिए हिंदू कोई धार्मिक पहचान नहीं’- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Related Articles

Back to top button