अयोध्या दीपोत्सव 2026: 30 लाख दीपों की रोशनी और भव्य महाआरती से जगमगा उठी रामनगरी

Lucknow Focus News Desk: रामनगरी अयोध्या शनिवार को एक बार फिर इतिहास की अनूठी साक्षी बनी। दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित भव्य दीपोत्सव 2026 के दौरान भक्ति, आस्था, संस्कृति और उल्लास के अद्भुत संगम ने पूरी अयोध्या को त्रेतायुगीन आभा से नहला दिया। एक साथ लगभग 30 लाख दीपों की रोशनी, सरयू की महाआरती, मनमोहक ड्रोन शो और आतिशबाजी के बीच यह आयोजन अपने चरम पर रहा। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति ने इस ऐतिहासिक आयोजन को और अधिक खास बना दिया।
भव्य शोभायात्रा और 14 झांकियां
सुबह 10 बजे साकेत महाविद्यालय से श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा के साथ उत्सव का शुभारंभ हुआ। इसमें प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और रामायण के सातों कांडों पर आधारित 14 आकर्षक झांकियां शामिल थीं। देश के 14 राज्यों से आए 500 से अधिक कलाकारों ने अपनी लोकसंस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनका अयोध्यावासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे स्वरूप और राज्याभिषेक
रामकथा पार्क में हेलीकॉप्टर (पुष्पक विमान के प्रतीक) से पहुंचे भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान के स्वरूपों का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया।
सरयू तट पर अलौकिक महाआरती
रामकथा पार्क के बाद अतिथियों ने ‘राम की पैड़ी’ पहुंचकर सरयू तट का रुख किया, जहां 2100 से अधिक अर्चकों व बटुकों ने एक साथ सरयू की महाआरती की। मंत्रोच्चार, शंखनाद और लाखों दीयों की कतारों से सरयू का तट अलौकिक नजर आ रहा था। इसके बाद आसमान में सजे ड्रोन शो, लेजर शो और आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया।
अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था और कड़े इंतजाम
विशिष्ट अतिथियों के आगमन को लेकर पूरी अयोध्या को एक अभेद्य सुरक्षा घेरे में रखा गया था। सुरक्षा व्यवस्था को 20 जोन और 53 सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल, अर्धसैनिक बलों और कमांडो की तैनाती की गई थी। हाईवे से लेकर आयोजन स्थल तक चप्पे-चप्पे पर आधुनिक सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी रखी गई। सुरक्षा के मद्देनजर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी नजर बनाए रखी गई।




