यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, कुल 13.58 करोड़ मतदाता शामिल

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मंगलवार को ड्राफ्ट (आलेख्य) मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि नई ड्राफ्ट सूची में प्रदेश के कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम शामिल हैं। अप्रैल 2026 में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद प्रकाशित अंतिम सूची की तुलना में इस बार कुल 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के प्रमुख आंकड़े
-
कुल मतदाता: 13,58,68,905
-
पुरुष मतदाता: 7,38,58,510 (7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि)
-
महिला मतदाता: 6,20,06,353 (10 लाख 96 हजार 828 की वृद्धि)
-
तृतीय लिंग (Third Gender) मतदाता: 4,042 (164 की कमी)
-
18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाता: 11,83,352 (अप्रैल के 17,63,360 के मुकाबले 5 लाख 80 हजार 8 नाम कम दर्ज हुए हैं)
महिला-पुरुष अनुपात में सुधार और युवाओं पर विशेष फोकस
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रदेश में प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं का अनुपात (Gender Ratio) 834 से बढ़कर 840 हो गया है, जबकि मतदाता-जनसंख्या अनुपात (EP Ratio) भी 55.17 से बढ़कर 55.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है। 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या में आई गिरावट को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी, आशा, एएनएम और स्वयं सहायता समूहों की मदद से छूटे हुए पात्र युवाओं और महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
दावे-आपत्तियां और विशेष अभियान की महत्वपूर्ण तिथियां:
-
दावे और आपत्तियां: 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दर्ज कराए जा सकेंगे।
-
विशेष अभियान दिवस: 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी बूथों पर विशेष अभियान चलेगा, जहां बूथ लेवल अधिकारी (BLO) आलेख्य सूची और फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे।
-
निस्तारण और अंतिम सूची: प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
कैसे जांचें अपना नाम और कौन-सा फॉर्म भरें?
मतदाता अपने बूथ पर बीएलओ के पास, ईसीआईनेट (ECINET) मोबाइल ऐप, मुख्य निर्वाचन अधिकारी यूपी की वेबसाइट या नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन अपना नाम जांच सकते हैं।
-
फॉर्म-6: सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए (फोटो, जन्मतिथि और निवास प्रमाण के साथ)।
-
फॉर्म-7: किसी अपात्र या गलत नाम को हटवाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
-
फॉर्म-8: नाम, पता, आयु या ईपीआईसी में संशोधन, निवास स्थान बदलने अथवा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए।
निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना विवरण जांच लें ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम सुनिश्चित हो सके।




