काशी से गूंजा स्कूल चलो का नारा: सीएम योगी ने बच्चों को पहनाया बस्ता, बोले-तकनीक से बढ़ेगा यूपी

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को धर्मनगरी काशी से पूरे उत्तर प्रदेश के लिए ‘स्कूल चलो अभियान 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और देवाधिदेव महादेव बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
बच्चों के साथ ‘गुरु’ की भूमिका में दिखे मुख्यमंत्री
मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री सीधे शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे। यहां का माहौल उत्सव जैसा था। सीएम योगी ने पांच ‘निपुण’ बच्चों को मंच पर बुलाकर खुद उनके कंधों पर स्कूल बैग पहनाया और किताबें भेंट कीं।
मुख्यमंत्री बच्चों के बीच काफी खुश नजर आए। उन्होंने न सिर्फ बच्चों का हालचाल पूछा, बल्कि उनके द्वारा लगाई गई विज्ञान और कला प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रोजेक्ट्स के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
मंदिर से निकलते समय भी सीएम ने आसपास के छोटे बच्चों और दुकानदारों से रुककर बात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
“शिक्षा सिर्फ डिग्री नहीं, मनुष्य बनाने का माध्यम”: योगी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला और वर्तमान शिक्षा पद्धति में आए बदलावों को रेखांकित किया।
सीएम ने कहा, “2017 से पहले गरीब बच्चों की शिक्षा किसी की चिंता नहीं थी, तब के लोग सिर्फ नकल कराने में व्यस्त थे। आज परिवेश बदला है, हम बच्चों को पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीकी शिक्षा दे रहे हैं ताकि वे भविष्य में स्वावलंबी बनें।”
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की तारीफ करते हुए कहा कि शिक्षा मनुष्य को मनुष्य बनाने का सशक्त माध्यम है। शिक्षकों के परिश्रम से ही ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ सफल हुआ है और आज यूपी के सरकारी स्कूल निजी स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री सुबह 9:15 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे और लगभग डेढ़ घंटे तक बच्चों के बीच रहे। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बेहद सख्त व्यवस्था की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हर घर का बच्चा स्कूल पहुंचे, यह सुनिश्चित करना समाज और शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।




