लखनऊ

Lucknow News : इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में डॉ. जावेद जमील की पुस्तक ‘Abortions By Choice’ का विमोचन

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में ‘जान बचाओ’ (Save Life) विषय पर प्रसिद्ध विचारक, लेखक और सामाजिक विश्लेषक डॉ. जावेद जमील का एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनकी नवीनतम पुस्तक ‘Abortions ‘By Choice’ Carnage Celebrated by Modernity’ का भव्य विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में शामिल चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों ने गर्भपात के चिकित्सकीय, सामाजिक, नैतिक और कानूनी पहलुओं पर मंथन करते हुए इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीर संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।

मानव जीवन का सम्मान किसी भी सभ्य समाज की पहचान: डॉ. जावेद जमील

अपने विशेष व्याख्यान के दौरान डॉ. जावेद जमील ने कहा कि गर्भपात केवल एक चिकित्सकीय या कानूनी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे गहरे नैतिक और मानवीय प्रश्न जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपनी पुस्तक के माध्यम से आधुनिक आर्थिक व्यवस्था, उपभोक्तावाद, बदलते पारिवारिक ढांचे और गर्भपात के वैश्विक आंकड़ों का विश्लेषण प्रस्तुत किया। साथ ही उन्होंने ‘True Life Expectancy’ (वास्तविक जीवन प्रत्याशा) की अवधारणा और वैश्विक स्तर पर ‘Save Life Movement’ की आवश्यकता को रेखांकित किया।

चिकित्सकीय आवश्यकता और कानूनी निगरानी पर विशेषज्ञों के विचार

डॉ. एम.एम. फरीदी (मुख्य अतिथि, विभागाध्यक्ष- मेडिसिन, एरा मेडिकल यूनिवर्सिटी): उन्होंने पुस्तक में प्रस्तुत वैश्विक आंकड़ों की सराहना करते हुए कहा कि कुछ परिस्थितियों में गर्भपात महिला के स्वास्थ्य या उसकी जान बचाने के लिए चिकित्सकीय आवश्यकता बन जाता है। हालांकि, इसके अवैध और शोषणकारी इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्त कानूनी निगरानी बेहद जरूरी है।

प्रो. डॉ. महजबीन (विशिष्ट अतिथि, विभागाध्यक्ष- स्त्री एवं प्रसूति रोग, एरम यूनानी मेडिकल कॉलेज): उन्होंने गर्भावस्था की जटिलताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गर्भपात के पीछे लिंग चयन (गर्भ में लड़की होना) से लेकर मां की जान बचाने जैसी अलग-अलग परिस्थितियां हो सकती हैं। इन सभी मामलों को एक ही नजरिए से नहीं देखा जा सकता, बल्कि महिला स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर जिम्मेदार संवाद होना चाहिए।

मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली (अध्यक्षीय संबोधन): उन्होंने मानव जीवन के सम्मान, परिवार की मजबूती और नैतिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे बौद्धिक विमर्श समाज को सही दिशा देने में सहायक होते हैं।

अतिथियों का सम्मान और उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने किया और स्वागत भाषण डॉ. इसरारुल हक ने दिया। इस दौरान मौलाना आजाद मेमोरियल अकादमी की ओर से मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली के हाथों सभी अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संगोष्ठी में मोहम्मद खालिद, डॉ. जेबा गुफरान, शहला हक, डॉ. अब्बास, खदीजा नाहीद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button