उत्तर प्रदेश

बुनकरों के लिए योगी का ‘वैल्यू चेन’ मॉडल, बोले- आय, सम्मान और स्थायित्व हमारी प्राथमिकता

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बुनकरों की दशा सुधारने और पारंपरिक हथकरघा उद्योग को आधुनिक वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए बड़ी कार्ययोजना के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को हथकरघा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बुनकर केवल परंपरा के संवाहक नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार हैं। उन्होंने अधिकारियों को ‘वैल्यू चेन’ मॉडल (Value Chain Model) विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि बुनकर केवल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि मार्केटिंग और ब्रांडिंग का भी लाभ उठा सकें।

1.99 लाख बुनकरों के लिए बनेंगे क्लस्टर

बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश हथकरघा क्षेत्र में देश में छठवें स्थान पर है। वर्ष 2024-25 में देश के कुल ₹1178.93 करोड़ के हथकरघा निर्यात में यूपी का योगदान ₹109.40 करोड़ (करीब 10%) रहा है। सीएम ने निर्देश दिए कि बुनकर बहुल क्षेत्रों की पहचान कर वहां क्लस्टर बनाए जाएं। ये क्लस्टर उत्पादन से लेकर ब्रांडिंग, पैकेजिंग और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक एक ही एकीकृत ढांचे में काम करेंगे।

बिजली के बिल से मिलेगी राहत, सौर ऊर्जा पर जोर

पावरलूम बुनकरों की सबसे बड़ी समस्या बिजली के बिल को लेकर सीएम ने संवेदनशीलता दिखाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुनकरों की लागत कम करने के लिए उन्हें सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए। इससे न केवल उनकी बिजली लागत घटेगी, बल्कि उन्हें दीर्घकालिक वित्तीय राहत भी मिलेगी। हथकरघा विभाग और पावर कॉर्पोरेशन मिलकर विद्युत बिलों में कमी लाने के लिए एक व्यावहारिक नीति तैयार करेंगे।

बाजार की मांग और आधुनिक डिजाइन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता तभी मिलेगी जब उत्पाद ‘मार्केट की डिमांड’ के अनुरूप होगा। डिजाइनिंग में सुधार के लिए ‘डिजाइनर-कम-मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव’ और ‘डिजाइन हाउस’ जैसी एजेंसियों को सीधे बुनकरों से जोड़ा जाएगा। बुनकरों को आधुनिक उपकरण और कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनके उत्पादों की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय स्तर की हो सके। ई-कॉमर्स और ब्रांडिंग के जरिए बुनकरों को बिचौलियों के बजाय सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पारदर्शी और व्यावहारिक नीति की तैयारी

बैठक में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसी संतुलित और पारदर्शी नीति बनाई जाए, जिससे वास्तविक बुनकर को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कालीन, दरी, बेडशीट और ब्लैंकेट के उत्पादन में अग्रणी है और इस मजबूती को वैश्विक स्तर पर ले जाना सरकार का लक्ष्य है।

Also Read: दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद राजधानी में हाई-अलर्ट

Related Articles

Back to top button