गवर्नेंस एंड पॉलिसी

Lucknow News: हर जिले में तैयार होंगे प्रशिक्षित नागरिक, सीएम योगी बोले- आपदा से पहले तैयारी जरूरी

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा, दुर्घटना या राष्ट्र के समक्ष किसी भी प्रकार का संकट आने पर नागरिक किंकर्तव्यविमूढ़ न रहें, बल्कि प्रशिक्षित और जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएं। इसके लिए प्रदेश में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का सशक्त नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने रविवार को लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित ‘एयर रेड-ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-26’ कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।

संकट से पहले तैयारी और फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका

सीएम योगी ने कहा कि आपदा कभी बताकर या तिथि देखकर नहीं आती, इसलिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क और प्रशिक्षित रहना आवश्यक है। संकट के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि एक जागरूक, अनुशासित और प्रशिक्षित नागरिक किसी भी विपत्ति में फर्स्ट रिस्पॉन्डर (प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता) की भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “संकट आने पर कुआं नहीं खोदा जाता, आपदा से पहले ही तैयारी जरूरी है।”

1962 से 2017 तक सीमित दायरे से 60 जिलों तक विस्तार

संगठन का विस्तार: मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद गठित नागरिक सुरक्षा संगठन वर्ष 2017 तक प्रदेश के केवल कुछ चुनिंदा जिलों तक ही सीमित था। पिछले वर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम और सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से सभी 75 जिलों में इसके विस्तार का निर्णय लिया गया।

60 जनपदों में गठन व सायरन की व्यवस्था: वर्तमान में प्रदेश के 60 जिलों में नागरिक सुरक्षा संगठन गठित हो चुका है, जहां जिलाधिकारी नियंत्रक के रूप में कार्य कर रहे हैं। इन सभी 60 जिलों में आपात स्थिति में चेतावनी देने के लिए हेड सायरन भी पहुंचाए जा चुके हैं।

एक लाख से अधिक स्वयंसेवक और 1.08 लाख से अधिक को प्रशिक्षण

सीएम योगी ने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 1,01,362 स्वयंसेवक नागरिक सुरक्षा अभियान से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा 1,08,627 नागरिकों, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स तथा होमगार्ड जवानों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने नागरिक सुरक्षा के मास्टर ट्रेनर्स को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया है।

मॉक ड्रिल और एजेंसियों के बीच समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉक ड्रिल आपदा से निपटने की तैयारियों की वास्तविक परीक्षा है और बाढ़, भूकंप, आगजनी, आतंकी घटनाओं व युद्ध जैसी स्थितियों के लिए अलग-अलग अभ्यास आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने NDRF, SDRF, यूपी पुलिस, PAC, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के बीच नियमित संयुक्त अभ्यास व समन्वय पर बल दिया, ताकि आपदा या बड़े आयोजनों के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा व अमरीश कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव (नागरिक सुरक्षा) संयुक्ता समद्दार और डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button