टाइम्स 100 प्रभावशाली हस्तियों में शामिल हुए रणबीर कपूर, आलिया भट्ट ने कहा- ‘बहुत उम्दा बेबी’

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर के लिए साल 2026 खुशियों की सौगात लेकर आया है। एक तरफ जहाँ वे अपनी महागाथा फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं, वहीं अब उनके नाम एक वैश्विक उपलब्धि जुड़ गई है। प्रतिष्ठित ‘टाइम मैगजीन’ ने रणबीर कपूर को साल 2026 की दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों की सूची में शामिल किया है।
आलिया भट्ट ने जताया गर्व
रणबीर की इस उपलब्धि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री आलिया भट्ट की खुशी का ठिकाना नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए रणबीर की तारीफ करते हुए लिखा ‘बहुत शानदार/उम्दा बेबी’ (Very Proud Baby)। आलिया ने उस विशेष लेख का लिंक भी साझा किया है जो टाइम मैगजीन के लिए रणबीर पर लिखा गया है।
आयुष्मान खुराना ने बताया ‘खामोश विरासत’
रणबीर कपूर के लिए टाइम मैगजीन में यह विशेष लेख अभिनेता आयुष्मान खुराना ने लिखा है। आयुष्मान ने रणबीर की कला की सराहना करते हुए लिखा “कुछ अभिनेता विरासत बनाने के लिए संघर्ष करते हैं और कुछ अपनी कला से ही खुद एक विरासत बन जाते हैं। रणबीर कपूर इसी श्रेणी में आते हैं। भारतीय सिनेमा जैसी इंडस्ट्री में जहाँ हम महानता को बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और शोर-शराबे से मापते हैं, वहीं रणबीर खामोशी के साथ दर्शकों की इमोशनल शब्दावली पर राज करते हैं।”
लिस्ट में एकमात्र भारतीय अभिनेता
टाइम की इस प्रतिष्ठित सूची में मनोरंजन, तकनीक, खेल और वित्त जैसे विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज शामिल हैं। विशेष बात यह है कि रणबीर कपूर इस साल की लिस्ट में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय अभिनेता हैं। उनके अलावा भारतीय शेफ विकास खन्ना ने भी इस सूची में अपनी जगह बनाई है।
‘रामायण’ की तैयारी जोरों पर
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में वे भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं और फिल्म का पहला भाग इसी साल दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाला है।
Also Read: लखनऊ अग्निकांड: मलबे से मिले दो बच्चियों के शव, परिजनों में कोहराम




