30 करोड़ की प्रॉपर्टी पर नसीब नहीं हुई दो जून की रोटी


लखनऊ फोकस ब्यूरो
नई दिल्ली। घटना बड़ी दर्दनाक है, जिसे सुनकर आप भीतर तक हिल जाएंगे। जिस व्यक्ति के घऱ में एक-दो नहीं पूरे 30 करोड़ की प्रॉपर्टी हो लेकिन उस व्यक्ति को दो जून की रोटी नसीब न हो, इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण बात और क्या हो सकती है? ऐसे में मजबूरन एक दंपत्ति को जहर खाकर आत्महत्या करना पड़ा।
यह मामला हरियाणा जिले के भिवानी का है। यहां एक बुजुर्ग दंपत्ति ने परिवारवालों की उपेक्षा से तंग आकर जहर खाकर जान दे दी। अपने सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा-हमारे बेटों के पास 30 करोड़ की संपत्ति है लेकिन वे हम दोनों को खाने के लिए दो जून दो रोटी नहीं दे सकते।
आत्महत्या करने वाले दंपत्ति 2021 बैच के एक युवा आईएएस अफसर के दादा-दादी हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर उनके एक बेटे, दो बहुओं और एक भतीजे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस घटना के बारे में जिसने भी सुना वह बुजुर्गों के परिवारवालों को कोसता नजर आया।