राजपाल यादव का बड़ा खुलासा: ‘जेब में पैसे थे, फिर भी क्यों गया जेल?’ चेक बाउंस केस और 17 करोड़ डूबने की बताई पूरी कहानी

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन राजपाल यादव पिछले कुछ समय से कानूनी पचड़ों और चेक बाउंस केस को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। इस मामले में उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान राजपाल यादव ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और हैरान करने वाला दावा किया है कि वह पैसों की कमी की वजह से नहीं, बल्कि ‘उसूलों’ की वजह से जेल गए थे।
5 करोड़ ने डुबो दिए मेरे 17 करोड़
राजपाल यादव ने अपनी कानूनी लड़ाई की पेचीदगियों को साझा किया। उन्होंने कहा लोग समझते हैं कि मेरे पास 5 करोड़ चुकाने के पैसे नहीं थे, इसलिए जेल हुई। हकीकत यह नहीं है। यह मामला पैसों का नहीं, उसूलों का था। अभिनेता ने खुलासा किया कि इस 5 करोड़ के विवाद ने उनके 17 करोड़ रुपये डुबाने का काम किया। अगर यह साधारण लेनदेन होता, तो मामला 2012 में ही निपट गया होता।
फिल्म प्रोजेक्ट और धोखाधड़ी पर सफाई
राजपाल यादव ने अपने साथ हुए धोखे की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक फिल्म प्रोजेक्ट के दौरान कुछ लोग उनके साथ जुड़े, जिन्होंने फिल्म की रिलीज में मुश्किलें खड़ी कीं। फिल्म इंडस्ट्री में 80% फिल्में फेल हो जाती हैं, इसका मतलब यह नहीं कि कोई धोखाधड़ी हुई है। यह लड़ाई मैंने शुरू नहीं की थी, लेकिन इसे खत्म मैं ही करूँगा।
न्याय व्यवस्था पर भरोसा और कमबैक की तैयारी
फिलहाल जमानत पर बाहर राजपाल यादव ने देश की न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा जताया है। कानूनी मुश्किलों के बावजूद उनका फिल्मी करियर एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। हाल ही में वे अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आए। जल्द ही वह सलमान खान की एक बड़ी फिल्म में भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे।
Also Read: UP में ‘शोर’ मचाने वालों की खैर नहीं, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्त SOP जारी




