लखनऊ

प्रयासों से कम हो सकती है लड़कियों के ड्रॉप आउट की दर : डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह


FEBRUARY 27, 2021
मिशन शक्ति पर आयोजित वेबनार में बेसिक शिक्षा निदेशक ने कहा
महामाया राजकीय महाविद्यालय, महोना में हुआ कार्यक्रम
लखनऊ फोकस ब्यूरो
लखनऊ (Lucknow News, Education News)। वर्तमान समय में स्कूलों में बालिकाओं का ड्रॉपआउट रेट ज्यादा है। यदि शिक्षक-शिक्षिकाओं का प्रोत्साहन एवं सहयोग मिले तो बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाया जा सकता है। बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा तो उनके ड्रॉपआउट की दर कम होगी। इसके लिए जरूरत है शिक्षक-शिक्षिकाओं के सामूहिक सहयोग की। इसके लिए हमें प्राणपण से काम करना होगा।
ये बातें प्रदेश के निदेशक, बेसिक शिक्षा डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने कहीं। वह शनिवार को महामाया राजकीय महाविद्यालय, महोना की ओर से आयोजित ‘मिशन शक्ति : नारी शक्ति’ विषयक वेबीनार में बोल रहे थे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. मधुमिता गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग, महाराजा बिजली पासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखनऊ ने कहा कि महिलाओं को अपने प्रति होने वाले अपमान एवं शोषण के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। सरकार ने उन्हें कई विधिक अधिकार दिए हैं। उन्हें इसकी विस्तृत जानकारी रखनी चाहिए। यह जागरूकता के लिए जरूरी भी है। डॉ. मधुमिता ने विद्यायर्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
वेबनार की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. भारती सिंह ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि बच्चे के सीखने का सबसे महत्वपूर्ण स्थल विद्यालय या महाविद्यालय होता है। इसलिए विद्यालय और महाविद्यालय की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। हमें विद्यालयों में विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण पर विशेष बल देना होगा।
वेबनार के संयोजक डॉ. अमित कुमार यादव तथा आयोजन सचिव डॉ. जीतेंद्र यादव थे। इस अवसर पर सभी प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे। (स्रोत-प्रेस विज्ञप्ति, लोगो-सौजन्य-उत्तर प्रदेश सरकार)

Related Articles

Back to top button