उत्तर प्रदेश

लखनऊ: बिजनौर में निःशुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर का आयोजन, 150 मरीजों की जांच कर बांटी गईं मुफ्त दवाएं

Lucknow Focus News Desk: “स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की पहचान है।” इसी उद्देश्य के साथ राजधानी लखनऊ के कस्बा बिजनौर स्थित मोहल्ला पटवारी में एक दिवसीय निःशुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर (कैंप) का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर स्टेट तकमीलुत्तिब कॉलेज एंड हॉस्पिटल्स द्वारा मौलाना आज़ाद मेमोरियल अकादमी के जनरल सेक्रेट्री डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी की सरपरस्ती में लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर लाभ उठाया।

रोगों को जड़ से खत्म करती है यूनानी पद्धति

कैंप इंचार्ज डॉ. सफिया लोखंडे ने शिविर में आए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए यूनानी चिकित्सा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि यूनानी पद्धति केवल रोगों का इलाज ही नहीं करती, बल्कि संतुलित खान-पान, उचित परहेज़ और प्राकृतिक जीवनशैली के माध्यम से लोगों को पूर्ण रूप से स्वस्थ जीवन जीने के योग्य बनाती है।

भागदौड़ भरी जिंदगी में सुरक्षित विकल्प

अकादमी के जनरल सेक्रेट्री डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने वर्तमान समय में बढ़ती बीमारियों और उनके उपचार पर अपनी बात रखी। उनके संबोधन के मुख्य बिंदु।

यूनानी चिकित्सा पूरी तरह से इंसानी मिज़ाज, रहन-सहन और जड़ी-बूटियों पर आधारित है, जिसका शरीर पर कोई दुष्प्रभाव (Side Effects) नहीं होता।

आज लोग तुरंत आराम पाने के लिए आधुनिक दवाओं की ओर भागते हैं, जिससे शरीर को बाद में नुकसान पहुंचता है। इसके विपरीत यूनानी पद्धति शरीर की प्राकृतिक प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) को बढ़ाती है।

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मधुमेह (Diabetes), ब्लड प्रेशर (BP), जोड़ों का दर्द, एलर्जी और मानसिक तनाव जैसी बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं, जिनमें यूनानी चिकित्सा एक बेहद सुरक्षित और प्रभावी विकल्प है।

150 मरीजों का हुआ मुफ्त इलाज

इस जन-कल्याणकारी शिविर में लगभग 150 मरीजों के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की गई। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें उचित चिकित्सकीय सलाह देने के साथ-साथ संस्थान की ओर से मुफ्त दवाओं का भी वितरण किया।

इनका रहा विशेष सहयोग

शिविर को सफल बनाने में प्रशिक्षु ज़ीनत जहां, मोहम्मद अदनान, शबाना इल्मी, तंजीम अहमद, अबीरा, मोहम्मद जमशेद के साथ-साथ मुश्ताक अली, हाफिज अरशद, हाफिज अकमल, मोहम्मद सुहैल, जिया लाल गौतम, मोहम्मद रियाज़ और शोएब आदि ने अपना विशेष योगदान दिया। शिविर के समापन पर सभी आगंतुकों से स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

Also Read: UP Weather: लखनऊ समेत 33 जिलों में भीषण लू का अलर्ट, 46.4°C के साथ बांदा सबसे गर्म

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button