92 वर्ष की आयु में हुआ वरिष्ठ नेता का देहावसान, प्रयागराज में गंगा तट पर हुआ अंतिम संस्कार

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति के एक युग का अंत करते हुए पूर्व गृह राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व पूर्व वन मंत्री राजेंद्र त्रिपाठी जी का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने अपने गृह जनपद प्रयागराज के एक चिकित्सालय में अंतिम सांस ली। वह 92 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले राजेंद्र त्रिपाठी कालांतर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए थे। अपनी कर्मठता के बल पर वह अनेक बार विधानसभा के सदस्य (विधायक) निर्वाचित हुए। राजनीति के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक संगठन “जन मोर्चा” के माध्यम से भी समाज सेवा में अपनी एक अमिट और मौलिक पहचान सुस्थापित की। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होकर संगठन को अपना मार्गदर्शन प्रदान कर रहे थे।
वह अपने पीछे तीन सुपुत्रों, तीन पुत्रियों और नाती-पोतों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके दो दामाद राकेश कुमार ओझा और योगेश्वर राम मिश्र भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS-यूपी कैडर) के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।
स्वर्गीय राजेंद्र त्रिपाठी के ज्येष्ठ पुत्र और उत्तर प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग के सेवानिवृत्त अपर निदेशक आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि पूज्य बाबूजी का अंतिम संस्कार पूर्वाहन (सुबह) प्रयागराज में पावन गंगा नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
Also Read: यूपी में ‘सुप्त टीबी’ का बड़ा खतरा, बिना लक्षणों वाले 52% मरीजों में संक्रमण, जांच बेहद जरूरी




