देश

‘मन की बात’ में बोले पीएम मोदी- देश के युवा एथलीट्स बना रहे नए रिकॉर्ड, रांची में टूटे 4 नेशनल रिकॉर्ड

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 134वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। सुबह 11 बजे आकाशवाणी (All India Radio) और सरकार के सभी आधिकारिक डिजिटल चैनलों पर प्रसारित हुए इस एपिसोड में पीएम मोदी का पूरा फोकस देश के युवा एथलीटों के पराक्रम और खेल जगत में भारत की बदलती तस्वीर पर रहा।

प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से झारखंड के रांची में आयोजित हुए नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कॉम्पटीशन (National Senior Athletics Federation Competition) की चर्चा की और देश का नाम रोशन करने वाले युवा धावकों की जमकर पीठ थपथपाई।

रांची में 800 एथलीट्स के बीच टूटे 4 नेशनल रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से खेल जगत की इस बड़ी उपलब्धि को साझा करते हुए कहा कुछ दिन पहले ही झारखंड के रांची में नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कॉम्पटीशन हुआ, जिसमें देशभर से आए करीब 800 एथलीट्स ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता के दौरान हमारे युवाओं ने गजब का जज्बा दिखाया और चार अलग-अलग इवेंट्स में चार नए नेशनल रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।

पीएम मोदी ने नया इतिहास रचने वाले देश के होनहार खिलाड़ियों- गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार का नाम लेकर उन्हें और उनके परिवारों को पूरे देश की तरफ से बहुत-बहुत बधाई दी।

100 मीटर रेस की ‘चुनौती वाली जुगलबंदी’ की विशेष चर्चा

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही 100 मीटर की दौड़ (100 Meter Race) का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महज दो दिनों के भीतर 100 मीटर रेस के पुरुष वर्ग में नेशनल रिकॉर्ड एक या दो बार नहीं, बल्कि तीन बार टूटा। इस अद्भुत कारनामे को अंजाम देने वाले दो जांबाज एथलीट्स गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर हैं।

खिलाड़ियों के बीच की इस स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा हमने संगीत की दुनिया में तो कलाकारों के बीच जुगलबंदी खूब देखी थी, लेकिन अब खेल के मैदान पर चुनौतियों की जुगलबंदी हो रही है। एक खिलाड़ी चुनौती देता है, तो दूसरा तुरंत उस चुनौती को उठाकर नया रिकॉर्ड बना देता है, और फिर तीसरा उसे भी पार कर जाता है। यह देखना बेहद रोचक और गौरवपूर्ण है। मैं चाहता हूं कि ‘मन की बात’ के श्रोताओं को हमारे इन हीरों के पराक्रम के बारे में जरूर पता चले।

छत्तीसगढ़ के स्टार धावक अनिमेष कुजूर से की बात

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने नेशनल रिकॉर्ड होल्डर अनिमेष कुजूर से बातचीत भी की। अनिमेष ने प्रधानमंत्री का अभिवादन करते हुए अपना अनुभव साझा किया और कहा “नमस्ते सर, मेरा नाम अनिमेष कुजूर है। मैं 200 मीटर और 400 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हूं। मूल रूप से मैं छत्तीसगढ़ से आता हूं, लेकिन अभी मैं उड़ीसा की तरफ से खेलता हूं। पिछले साल मैं देश के लिए एशियन मेडल और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स मेडल लेकर आया था। मैंने साल 2021 में अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही एथलेटिक्स की दुनिया में कदम रखा था और आज देश के लिए दौड़ना मेरे लिए गर्व की बात है।”

प्रधानमंत्री ने अनिमेष के इस शानदार सफर और बेहद कम समय में हासिल की गई बड़ी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और ओलंपिक के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Also Read: लखनऊ में बनी देश की पहली ‘नौसेना शौर्य वाटिका’, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी ने किया लोकार्पण

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button