‘वध 2’ की शूटिंग हुई पूरी, संजय मिश्रा और नीना गुप्ता ने सेट से साझा की तस्वीर

संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की आगामी फिल्म ‘वध 2’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह फिल्म 2022 में आई ‘वध’ का सीक्वल है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी। फिल्म के निर्माताओं ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए इस बात की आधिकारिक घोषणा की कि शूटिंग अब समाप्त हो गई है।
फिल्म के सेट से एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई, जिसमें निर्देशक जसपाल सिंह संधू के साथ संजय मिश्रा और नीना गुप्ता स्क्रिप्ट पर गंभीर चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा गया, “‘वध 2’ का समापन हो गया! बनाई गई यादों, देखे गए जादू और इन सब को जीवंत करने वाली अविश्वसनीय टीम के लिए वास्तव में आभारी हूं।”
महाकुंभ में हुआ था फिल्म का एलान
‘वध’ के सीक्वल ‘वध 2’ का एलान अभिनेता संजय मिश्रा, नीना गुप्ता, निर्देशक जसपाल सिंह संधू और निर्माता अंकुर गर्ग ने महाकुंभ 2025 के दौरान किया था। इस अवसर पर चारों ने पवित्र संगम घाट पर स्नान करने के बाद फिल्म के लिए प्रार्थना की थी।
फिल्म की कहानी
‘वध’ फिल्म की कहानी एक सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक की थी, जो कर्ज के बोझ से दबा हुआ है और एक कर्जदार द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। फिल्म में यह दिखाया गया था कि कैसे इस शिक्षक के हाथों एक हत्या हो जाती है, जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर उस अपराध को छिपाने की कोशिश करता है। अब ‘वध 2’ में इस कहानी के आगे क्या नया मोड़ आएगा, यह देखना रोमांचक होगा।
Also Read: यूपी में सीएनजी और घरेलू पीएनजी गैस महंगी, आज से नई दरें हुईं लागू




