देश

Bihar MGNREGA Payment: 3588 करोड़ बकाया, RJD का नीतीश सरकार पर हमला, कहा– मजदूरों का हक…

बिहार की सियासत में एक बार फिर से रोजगार और पलायन का मुद्दा गरमा गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राज्य की एनडीए सरकार पर मनरेगा मजदूरों की मजदूरी रोकने और गरीबों के हक से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी के मुताबिक दिसंबर 2024 से अब तक 3588 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और पलायन में तेज़ी आई है।

प्रेस वार्ता में राजद ने खोला मोर्चा

बता दें कि बुधवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा, “सरकार मजदूरों की मेहनत की कमाई दबा रही है। 3588 करोड़ रुपये का भुगतान रुका हुआ है और सरकार आंख मूंदे बैठी है।” प्रवक्ता ने ये भी आरोप लगाया कि मजदूरों को जब समय पर मजदूरी नहीं मिलेगी, तो वे काम छोड़कर दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर होंगे — और यही इस सरकार की नीयत है।

शिवराज सिंह चौहान पर तंज

शक्ति सिंह यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बिहार यात्रा पर भी निशाना साधा और कहा, “बड़ी-बड़ी बातें करने वाले शिवराज सिंह चौहान ने बिहार आकर गरीबों और किसानों के मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं कहा। ये दिखाता है कि उन्हें जमीनी हकीकत से कोई सरोकार नहीं है।”

सरकार को बताया ‘विफल’

प्रेस वार्ता में प्रवक्ता एजाज अहमद, सारिका पासवान, मधु मंजरी, अरुण यादव और आरजू खान भी मौजूद रहे। RJD नेताओं ने आरोप लगाया कि यह सरकार जनहित में एक भी ठोस कदम नहीं उठा पा रही, बल्कि मजदूरों को उनका हक देने में भी असमर्थ है।

तेजस्वी यादव को बताया असली विकासकर्ता

RJD ने दावा किया कि जब राज्य में महागठबंधन की सरकार थी, तब तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में विकास की नई लहर आई थी। प्रवक्ताओं ने कहा, “तेजस्वी जी के कार्यकाल में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार देखा गया। आज की सरकार केवल दिखावे में लगी है, ज़मीनी स्तर पर कुछ नहीं हो रहा।” सरकारी पक्ष से इस मामले में फिलहाल कोई ठोस जवाब सामने नहीं आया है, लेकिन राजद ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ, तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button