उत्तर प्रदेश

बहराइच में बड़ा हादसा: राइस मिल में दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र के राजगढ़िया स्थित एक राइस मिल में शुक्रवार को भीषण हादसा हो गया। गोदाम में अचानक आग लगने से फैले जहरीले धुएं के कारण 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

भूसे में लगी आग और जहरीले धुएं का कहर ॉप्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राइस मिल के गोदाम में रखे चावल के भूसे में अचानक आग लग गई। जब मजदूर आग बुझाने की कोशिश में अंदर पहुंचे, तो जहरीले धुएं के कारण एक-एक कर बेहोश होते गए। कुल आठ मजदूर बेहोश हुए, जिन्हें मिल मालिक ने तुरंत अपने वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने पांच मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन का इलाज इमरजेंसी वार्ड में जारी है।

मृतकों और घायलों की पहचान

  • गफ्फार अली (40) – कन्नौज
  • बबलू (28) – कन्नौज
  • रजनीश (35) – कन्नौज
  • हूर (50) – श्रावस्ती
  • बिट्टू शाह (30) – बिहार

घायल मजदूरों में सुखदेव, देवी प्रसाद, और सुरेंद्र शुक्ला शामिल हैं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

सीएम योगी ने जताया दुख, दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हादसे की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी मोनिका रानी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और डॉक्टरों को उचित उपचार के निर्देश दिए।

फायर ऑफिसर विशाल गोंड ने बताया, “राजगढ़िया फूड्स से आग की सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं। गोदाम के ड्रायर से धुआं निकल रहा था। जांच के लिए गए आठ लोग अंदर फंस गए और बेहोश हो गए। सभी को तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन पांच की जान नहीं बचाई जा सकी।” फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गोदाम में सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन हुआ था या नहीं। मिल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button