बिजनेस

शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, ट्रंप टैरिफ का असर हुआ फीका, रिकवरी ने दी राहत

लखनऊ फोकस न्यूज डेस्क

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने दमदार शुरुआत की है। अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ के असर को बाजार अब पीछे छोड़ता नजर आ रहा है। सकारात्मक वैश्विक संकेतों और घरेलू निवेशकों के उत्साह के चलते शेयर बाजार में आज सुबह से ही तेजी का रुख देखा गया।

बीएसई सेंसेक्स ने सोमवार को 320 अंकों की बढ़त के साथ 80,835 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की, जबकि एनएसई निफ्टी ने 100 अंकों की छलांग लगाते हुए 24,450 अंक को छू लिया। शुरुआती घंटे में ही सेंसेक्स 387 अंक तक उछल चुका था।

ट्रंप टैरिफ का कमजोर होता असर

करीब एक महीने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 27% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी (बाद में इसे 26% किया गया)। इसके बाद भारतीय बाजारों में गिरावट देखी गई थी। हालांकि, अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं और बाजार ने बीते कुछ हफ्तों में 10% से अधिक की रिकवरी कर ली है।

वैश्विक बाजारों से मिल रहा समर्थन

पिछले सप्ताह अमेरिकी बाजारों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। डाउ जोन्स 564 अंक चढ़कर 41,317 पर बंद हुआ, जबकि एसएंडपी और नैस्डैक में क्रमशः 82 और 266 अंकों की मजबूती दर्ज की गई। अमेरिकी शेयर बाजारों में 3.5% तक की बढ़त ने यह संकेत दिया कि टैरिफ का असर अब कमज़ोर हो रहा है।

इस सकारात्मक माहौल का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ रहा है, जिससे यहां निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और बाजार ने रफ्तार पकड़ी है। एशिया के कई प्रमुख बाजार आज सार्वजनिक अवकाश के चलते बंद रहे। जापान का निक्की, टॉपिक्स, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग आज ट्रेडिंग के लिए बंद हैं। केवल ऑस्ट्रेलिया का शेयर बाजार खुला है, इसलिए क्षेत्रीय संकेत सीमित हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक बाजारों में यही रुझान बना रहता है और घरेलू स्तर पर भी आर्थिक संकेतक सकारात्मक रहते हैं, तो भारतीय शेयर बाजार आने वाले दिनों में और नई ऊंचाइयों को छू सकता है।

Related Articles

Back to top button