देश

DGMO बातचीत से पहले दिल्ली में हलचल तेज, पीएम आवास पर हाई लेवल मीटिंग

Lucknow Focus News Desk: भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा के बाद सीमा पर हालात शांतिपूर्ण बने हुए हैं। इस बीच दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) के बीच होने वाली अहम बातचीत से पहले दिल्ली में सुरक्षा और रणनीति को लेकर हलचल तेज हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक चल रही है, जिसमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थलसेना, नौसेना और वायुसेना प्रमुख समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद हैं।

इस अहम बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल भी भाग ले रहे हैं। बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थिरता बनाए रखने और डीजीएमओ स्तर की वार्ता से पहले भारत की रणनीतिक तैयारियों की समीक्षा करना बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में सीजफायर पर सहमति बनी है, जिसके तहत नियंत्रण रेखा (LoC) पर शांति बनाए रखने का फैसला लिया गया है। इस समझौते को मजबूती देने के लिए डीजीएमओ स्तर की बातचीत को बेहद अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button