LIC Guinness Record: LIC ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक दिन में बेचीं 5.88 लाख पॉलिसियां

Lucknow Focus News Desk: भारत की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी (LIC) ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कंपनी ने इस साल 20 जनवरी 2025 को केवल 24 घंटे के भीतर 5,88,107 जीवन बीमा पॉलिसियां बेचकर यह रिकॉर्ड बनाया।
एलआईसी द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इस उपलब्धि में देशभर के 4,52,839 बीमा एजेंटों ने भाग लिया और एक ही दिन में यह विशाल लक्ष्य पूरा कर दिखाया। कंपनी के मुताबिक, यह उपलब्धि बीमा क्षेत्र में एजेंटों की उत्पादकता का नया वैश्विक मानक बन गई है।
एलआईसी के एमडी और सीईओ सिद्धार्थ मोहंती ने ‘मैड मिलियन डे’ पर सभी एजेंटों से कम से कम एक पॉलिसी बेचने की अपील की थी। एजेंटों के अथक प्रयास और लगन का ही परिणाम है कि कंपनी ने यह असाधारण रिकॉर्ड बनाया।
एलआईसी ने इस मौके पर कहा, “यह उपलब्धि हमारे एजेंटों के समर्पण, प्रतिबद्धता और ग्राहकों के प्रति हमारे विश्वास की प्रतीक है। यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों को वित्तीय सुरक्षा देने की दिशा में एक मजबूत कदम है।”
शेयर बाजार में दिखा एलआईसी की कामयाबी का असर
इस खबर का असर सोमवार को शेयर बाजार में भी देखने को मिल सकता है। पिछले सप्ताह शुक्रवार को एलआईसी के शेयरों में अच्छी तेजी देखी गई। कंपनी का स्टॉक 853 रुपये पर खुला और 1.77% की बढ़त के साथ 860.70 रुपये पर बंद हुआ।
तेजी के साथ एलआईसी का मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 5.44 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिससे यह फिर से देश की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में शामिल होने की ओर अग्रसर है। गौरतलब है कि एलआईसी का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 1222 रुपये और न्यूनतम स्तर 715.30 रुपये रहा है।
27 मई को एलआईसी की अहम बैठक
एलआईसी ने जानकारी दी है कि कंपनी का बोर्ड 27 मई 2025 को बैठक करेगा, जिसमें 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही के नतीजों की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में FY25 के लिए फाइनल डिविडेंड पर भी विचार किया जाएगा। इससे पहले एलआईसी ने तीसरी तिमाही में 11,056 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था, जो सालाना आधार पर 17% अधिक रहा।




