‘हेरा फेरी 3’: परेश रावल ने क्यों छोड़ी फिल्म? सुनील शेट्टी ने बताई इसकी वजह

Lucknow Focus News Desk: ‘राजू’, ‘श्याम’ और ‘बाबू राव’ की आइकॉनिक तिकड़ी के बिना ‘हेरा फेरी’ की कल्पना करना मुश्किल है। लेकिन अब लग रहा है कि यह जोड़ी ‘हेरा फेरी 3’ में एक साथ नहीं दिखेगी। जब प्रियदर्शन ने फिल्म की घोषणा की थी, तो तीनों कलाकार एक साथ नज़र आए थे, जिससे प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई थी। हालांकि, अब स्थिति बदल गई है क्योंकि परेश रावल ने फिल्म छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
परेश रावल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर स्पष्ट किया कि उनके इस फैसले के पीछे कोई रचनात्मक मतभेद नहीं है। इसी बीच, अक्षय कुमार की कंपनी द्वारा उन पर ₹25 करोड़ का मुकदमा दर्ज किए जाने से मामला और गरमा गया। इस पर परेश रावल ने एक और ट्वीट कर स्थिति को संभालने की कोशिश की है। अब, पहली बार इस पूरे विवाद पर ‘श्याम’ यानी सुनील शेट्टी ने खुलकर बात की है।
सुनील शेट्टी का बड़ा खुलासा
‘केसरी वीर’ के प्रमोशन में व्यस्त सुनील शेट्टी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में परेश रावल के फिल्म छोड़ने के बाद अपने सदमे का खुलासा किया। इससे पहले सुनील शेट्टी ने बताया था कि वह IPL 2025 में फिल्म का प्रोमो जारी करेंगे, जिससे फैंस काफी उत्साहित थे।
अपने नए इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने बताया कि वह अक्षय कुमार के साथ काम करने में हमेशा सहज महसूस करते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने हाल ही में ‘हेराफेरी 3’ के प्रोमो की शूटिंग की थी, और परेश रावल, अक्षय कुमार और उन्होंने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। सुनील शेट्टी ने कहा ऐसा लगा ही नहीं कि 25 साल बाद हेरा फेरी 3 के लिए साथ आ रहे हैं।
सुनील शेट्टी का पहला रिएक्शन
सुनील शेट्टी ने खुद बताया कि जब उन्हें पता चला कि परेश रावल जी ने फिल्म छोड़ दी है, तो उन्हें बड़ा झटका लगा था। उन्होंने कहा “चाहे कोई भी वजह हो, लेकिन यह शॉकिंग था। सबसे बड़ी एक्साइटमेंट ही यह थी, सिर्फ मेरे लिए नहीं। अक्षय कुमार, परेश रावल के लिए और उनकी फैमिली के लिए उनके लोगों के लिए, हमारे फैन्स के लिए। मेरा बच्चा तो अहान बाहर था और उसने मुझे एक कटिंग भेजी और कहा कि पापा क्या हुआ और क्यों?”
गौरतलब है कि हाल ही में फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने बताया था कि अक्षय कुमार की आंखों से आंसू छलक पड़े थे जब उन्हें पता चला था कि परेश रावल ने फिल्म छोड़ दी है। हालांकि, इस फैसले के पीछे की असली वजह अभी भी परेश रावल या अन्य सितारों द्वारा स्पष्ट नहीं की गई है। इस घटनाक्रम ने ‘हेरा फेरी 3’ के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है।




