बिजनेस

एटीएफ और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुए सस्ते, एयरलाइंस और होटल कारोबार को बड़ी राहत

Lucknow Focus News Desk: देश में विमानन और होटल इंडस्ट्री से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जून की शुरुआत में ही सरकार ने आम लोगों और कारोबारियों को राहत दी है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन और 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दामों में कटौती की गई है।

सरकारी तेल कंपनियों ने रविवार को इस कटौती की घोषणा की। विमान ईंधन की कीमतों में करीब 2.82% की गिरावट की गई है, जबकि होटल-रेस्तरां और अन्य व्यवसायों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर पर 24 रुपये सस्ता हो गया है।

लगातार तीसरे महीने घटी एटीएफ कीमतें

तेल कंपनियों के मुताबिक, दिल्ली में अब विमान ईंधन की कीमत 83,072.55 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है, जो पहले से 2,414.25 रुपये कम है। इससे पहले 1 मई को 4.4% और 1 अप्रैल को 6.15% की कटौती की गई थी।

यह लगातार तीसरा महीना है जब एटीएफ की कीमतें घटी हैं। इससे विमान कंपनियों की ऑपरेशनल लागत में कमी आएगी, क्योंकि किसी भी फ्लाइट के कुल खर्च का लगभग 40% हिस्सा ईंधन पर खर्च होता है।

अन्य शहरों में क्या हैं नए भाव?

  • मुंबई: ₹77,602.73 प्रति किलोलीटर
  • चेन्नई: ₹86,103.25 प्रति किलोलीटर
  • कोलकाता: ₹86,052.57 प्रति किलोलीटर

कमर्शियल गैस सिलेंडर भी हुआ सस्ता

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी घटाई गई है। अब दिल्ली में इसका नया रेट ₹1,723.50 प्रति सिलेंडर होगा, जबकि मुंबई में यह ₹1,647.50 हो गया है। इससे पहले 1 मई को 14.50 रुपये और 1 अप्रैल को 41 रुपये की कटौती की गई थी।

हालांकि, घरेलू रसोई गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर अभी भी ₹853 में मिल रहा है। अप्रैल में इसकी कीमत में ₹50 का इजाफा हुआ था।

हाल के महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में गिरावट देखी गई है। इसका असर अब भारतीय बाजारों में भी नजर आ रहा है। सरकारी तेल कंपनियां—IOC, BPCL और HPCL—हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय रेट्स और विदेशी मुद्रा दरों के आधार पर दामों की समीक्षा करती हैं।

भले ही एटीएफ और एलपीजी में कटौती हो रही हो, लेकिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल ₹94.72 प्रति लीटर और डीजल ₹87.62 प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है। पिछली बार आम चुनाव से पहले इनकी कीमत में ₹2 प्रति लीटर की कटौती की गई थी।

 

Related Articles

Back to top button