लखनऊ

JEE Advanced Result 2025: लखनऊ के श्रेयस लोहिया ने यूपी में टॉप किया, देशभर में हासिल की 68वीं रैंक

Lucknow Focus News Desk: देशभर के लाखों छात्रों के लिए प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग परीक्षा जेईई एडवांस 2025 के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए। इस परीक्षा में लखनऊ के श्रेयस लोहिया ने उत्तर प्रदेश में टॉप कर अपने परिवार और शहर का नाम रोशन किया है। श्रेयस ने ऑल इंडिया में 68वीं रैंक हासिल की है।

श्रेयस की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उनके पिता गजेंद्र लोहिया, जो कि लखनऊ दूरदर्शन में कार्यरत हैं, ने बेटे की सफलता को परिवार के लिए गौरव का पल बताया। वहीं, मां विनीता लोहिया ने कहा कि श्रेयस शुरू से ही पढ़ाई में अनुशासित रहा है। उन्होंने बताया, “हमने हमेशा उसे प्रेरित किया, लेकिन कभी भी पढ़ाई को लेकर दबाव नहीं डाला। यही वजह है कि वह बिना तनाव के आगे बढ़ता गया।”

पहले भी दिखाया था कमाल, जेईई मेन में मिला था ऑल इंडिया 6वां स्थान

श्रेयस ने इससे पहले जेईई मेन परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्हें ऑल इंडिया 6वीं रैंक मिली थी और उनका परसेंटाइल स्कोर 100% रहा था। श्रेयस ने लखनऊ के सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल, गोमतीनगर से पढ़ाई की है। उनका सपना है कि वह आईआईटी से कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई कर देश के तकनीकी क्षेत्र में योगदान दें।

जेईई एडवांस परीक्षा का विस्तृत परिणाम और व्यक्तिगत स्कोर कार्ड आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जारी कर दिया गया है। परीक्षार्थी अपनी लॉगिन डिटेल्स की मदद से वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

Related Articles

Back to top button