उत्तर प्रदेश

जौहर ट्रस्ट पर ED की छापेमारी पर भड़के अखिलेश यादव, कहा- ‘सांप्रदायिक और संकीर्ण सोच के तहत हो रही कार्रवाई’

Lucknow Focus News Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी व जौहर ट्रस्ट से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। नाम लिए बिना ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी विरोधी है।

सांप्रदायिक समर्थकों को खुश करने का आरोप

सपा प्रमुख ने कहा कि जो लोग स्कूल बंद करवाने का काम करते हैं, उनके संगी-साथी अब यूनिवर्सिटी बनाने वालों के खिलाफ ईडी की छापेमारी करवा रहे हैं। ऐसा सिर्फ इसलिए किया जा रहा है ताकि भाजपा अपने 1-2 प्रतिशत बचे हुए संकीर्ण और सांप्रदायिक समर्थकों को खुश रख सके। उन्होंने आरोप लगाया कि आपराधिक वारदातों और बड़े घोटालों में लिप्त असली भ्रष्टाचारियों पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, क्योंकि उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।

गंभीर मुद्दों पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में निर्मित बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में हुई गड़बड़ियों के जिम्मेदार लोगों को बचा कर रखा गया है।

E-20 पेट्रोल के मुद्दे पर भी घेरा

इसके अलावा सपा प्रमुख ने E-20 (इथेनॉल ब्लेंडेड) पेट्रोल से गाड़ियों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार दावा कर रही है कि E-20 पेट्रोल बिल्कुल ठीक है, तो दूसरी तरफ उनके सलाहकार इसे गाड़ियों के लिए नुकसानदेह बता रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि मिलावटी ईंधन के कारण परेशान हो रही आम जनता से बात करके भाजपा सरकार सच का सामना क्यों नहीं करती?

Related Articles

Back to top button