ठाकरे भाईयों के बीच गठबंधन के कयासों पर CM फडणवीस बोले- मुझे बेगानी शादी में अब्दुल्ला…

Lucknow Focus News Desk: महाराष्ट्र की राजनीति इन दिनों एक दिलचस्प मोड़ पर आ खड़ी हुई है। शिवसेना (उद्धव गुट) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के बीच संभावित गठबंधन की चर्चा ने सूबे के राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। बीते दिन शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की एक साथ तस्वीर छपने के बाद इन अटकलों को और बल मिला।
अखबार की हेडलाइन में उद्धव ठाकरे का यह बयान प्रमुखता से छापा गया था जनता जो चाहेगी, वही होगा। इस बयान को संभावित गठबंधन की ओर एक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर जब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने चुटीले अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा “मुझे बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना बनने का कोई शौक नहीं है। दोनों भाई हैं, उनकी अपनी पार्टी है। अगर कभी गठबंधन होता है, तो उस वक्त हम भी प्रतिक्रिया देंगे।”
फडणवीस ने आगे कहा कि जब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं होती, मीडिया को अपनी चर्चा चलाने दीजिए। उन्होंने साफ कहा kf फिलहाल हमारे पास कोई ठोस जानकारी नहीं है कि दोनों पक्षों के बीच वास्तव में कितनी बातचीत हो रही है। इसलिए मैं इस पर अभी कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।
गौरतलब है कि अप्रैल महीने में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने फिल्म निर्देशक महेश मांजरेकर के यूट्यूब चैनल पर एक इंटरव्यू में इस संभावित गठबंधन की ओर इशारा किया था। उन्होंने कहा था “हमारे आपसी झगड़े बहुत छोटे हैं, और महाराष्ट्र जैसे बड़े मुद्दों के आगे ये कोई मायने नहीं रखते।”
राज ठाकरे की इस टिप्पणी के कुछ ही दिन बाद, उद्धव ठाकरे ने भी इसी भाव को आगे बढ़ाते हुए कहा था, जनता के मन में जो होगा, वही हमारी राह तय करेगा। अब देखना ये है कि क्या यह भाईचारा राजनीतिक मंच पर भी एकजुट होता है, या फिर यह सिर्फ अटकलों तक ही सीमित रहेगा।
Also Read: तेजस्वी यादव के काफिले की ट्रक से टक्कर, तीन सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल