एक तरफ तपती गर्मी, दूसरी ओर बारिश का कहर: देश के मौसम का बदला मिज़ाज, IMD ने जारी किए अलर्ट

Lucknow Focus News Desk: देशभर में मौसम का मिज़ाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत जहां भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश ने आफत मचा दी है। इस दोहरी मार के चलते लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
उत्तर भारत जल रहा, कई राज्यों में रेड अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में लू चलने की आशंका है। दिल्ली में तापमान 45°C तक पहुंच गया। हीट इंडेक्स 51.9°C, जो खतरनाक स्तर पर है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में रेड अलर्ट अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में 12 और 13 जून को रेड अलर्ट, जबकि 14 जून को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली के आयानगर में बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ, जबकि गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
कर्नाटक-तेलंगाना में बारिश बनी मुसीबत, स्कूलों में छुट्टी
दूसरी ओर, कर्नाटक और तेलंगाना के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कर्नाटक के हुबली, खासकर संगम कॉलोनी और अरिहंत लेआउट में पानी भर गया है। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के संतोष नगर और चंपापेट इलाकों में भी जलभराव की स्थिति है।
आईएमडी ने कर्नाटक में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके चलते धारवाड़ जिले की उपायुक्त दिव्या ने सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ियों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है।
मानसून के फिर सक्रिय होने की उम्मीद
दो हफ्ते की सुस्ती के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 से 15 जून के बीच दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश होगी। 13 और 14 जून को कोंकण और गोवा में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इससे दक्षिण भारत को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
