उत्तर प्रदेश

हैदरगढ़ में दिवंगत अधिवक्ता शिवानंद मिश्र की पुण्यतिथि पर सेवा सहायता शिविर आयोजित, सैकड़ों ने पाया लाभ

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र के नरौली गांव निवासी स्वर्गीय अधिवक्ता शिवानंद मिश्र की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके परिजनों द्वारा एक विशाल सेवा सहायता शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और दिवंगत अधिवक्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करना था।

325 मरीजों की हुई मुफ्त जांच और इलाज

इस भव्य शिविर में हीलिंक हॉस्पिटल लखनऊ, लोहिया अस्पताल, तथा केजीएमयू लखनऊ के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। शिविर में 325 से अधिक मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और दवा वितरण किया गया। मरीजों के लिए ब्लड टेस्ट, ईसीजी, बीपी और अन्य जरूरी जांचें भी निशुल्क की गईं।

मुख्य अतिथि ने किया उद्घाटन, गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

शिविर का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य (MLC) अंगद कुमार सिंह ने स्व. शिवानंद मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और फीता काटकर किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा के पिता और आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, हैदरगढ़ नगर पंचायत के चेयरमैन आलोक तिवारी और कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्व. मिश्र को श्रद्धांजलि दी।

डॉक्टरों की टीम ने दी विशेषज्ञ सेवाएं

स्वास्थ्य मेले में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परामर्श और इलाज दिया।

  • डॉ. गौरव सिंह (बाल रोग विशेषज्ञ)
  • डॉ. गोविंद पांडे (बाल रोग विशेषज्ञ)
  • डॉ. फिरोज (हड्डी रोग विशेषज्ञ, हीलिंक क्लिनिक)
  • डॉ. नेहा साहू (स्त्री रोग विशेषज्ञ)
  • डॉ. शेखर गुप्ता (नेत्र रोग विशेषज्ञ)

इनके साथ ही हीलिंक पैथोलॉजी के राघवेंद्र, लक्ष्मी और शुभम ने मरीजों की जांच और पंजीकरण में सहयोग किया।

गर्मी और बच्चों की सेहत पर सलाह

शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंह ने बच्चों को गर्मी से बचाने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को बार-बार ताजा पानी पिलाना चाहिए और तेज धूप से दूर रखना चाहिए। वहीं डॉ. गोविंद पांडे ने बताया कि जून-जुलाई के दौरान डायरिया जैसी बीमारियां बच्चों में बढ़ जाती हैं, इसलिए उन्हें पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ देना और स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है।

सामाजिक संगठनों और नागरिकों की रही विशेष भागीदारी

कार्यक्रम की अध्यक्षता अवध भारती संस्थान के अध्यक्ष डॉ. राम बहादुर मिश्र ने की, जिन्होंने सभी डॉक्टरों और सहयोगियों का धन्यवाद किया। शिविर में समाजसेवी वीणा सुधाकर ओझा महाविद्यालय के संस्थापक मयंक ओझा, बिरजू संस्थान के अध्यक्ष रत्नेश कुमार, और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

परिवार ने जताया आभार, श्रद्धांजलि और प्रसाद वितरण

आयोजन समिति की ओर से दिवंगत शिवानंद मिश्र के भाई दिनेश मिश्र ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया। बृजेश मिश्र और आलोक मिश्र ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और भंडारे में सभी को प्रसाद वितरित कराया।

सैकड़ों की संख्या में लोगों ने दी उपस्थित

इस पुण्य अवसर पर डॉ. आशीष तिवारी, डॉ. नारायण द्विवेदी, डॉ. राम बहादुर मिश्र, पत्रकार ओमप्रकाश मौर्य, रामानंद कनौजिया, सत्यम द्विवेदी, सतीश मिश्र, मंशाराम शुक्ला सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही। सभी ने श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वर्गीय अधिवक्ता को याद किया।

इस स्वास्थ्य सेवा शिविर ने न केवल ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दी, बल्कि समाज में सेवा, श्रद्धा और स्मृति का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी पेश किया।

Also Read: कानपुर में गर्मी का कहर जारी: इंसान ही नहीं, पक्षी भी चपेट में, मोतीझील के पास मिले मृत बगुले

Related Articles

Back to top button