‘द राजा साब’ का टीज़र रिलीज़, प्रभास का नया अवतार देख फैंस बोले – ब्लॉकबस्टर तय है!

Lucknow Focus News Desk: साउथ सुपरस्टार प्रभास की अगली फिल्म ‘द राजा साब’ का लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के लिए खुशखबरी है। फिल्म का मच अवेटेड टीज़र आखिरकार सोमवार को रिलीज कर दिया गया है और इंटरनेट पर आते ही वायरल हो गया है। डायरेक्टर मारुति की यह फिल्म एक हॉरर-फैंटेसी एंटरटेनर है, जो प्रभास के फैंस को एक बार फिर बड़ा सरप्राइज देने जा रही है।
क्या है खास टीज़र में?
‘द राजा साब’ के टीज़र की शुरुआत होती है एक भूतिया हवेली से, जहां राजसी डर और रहस्यमय माहौल झलकता है। हवेली के मालिक, यानि प्रभास, नहीं चाहते कि कोई और उस हवेली में रहे। हवेली में भूत, आत्माएं और छुपा हुआ खजाना है यानी एक परफेक्ट हॉरर फैंटेसी पैकेज!
प्रभास इस फिल्म में दो बिल्कुल अलग अवतारों में नजर आ रहे हैं। एक तरफ वह प्रेमी हैं, जो निधि अग्रवाल से अपने प्यार का इज़हार करते हैं और उस सीन में वह शाहरुख खान को सलाम भी करते हैं। दूसरी तरफ उनका अंदाज़ पूरी तरह रहस्यमयी और राजसी दिखता है।
वीएफएक्स और विज़ुअल्स ने मचाई धूम
टीज़र में दिखाए गए भव्य वीएफएक्स और सिनेमैटिक विज़ुअल्स ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। दो मिनट के इस वीडियो क्लिप में जबरदस्त प्रोडक्शन क्वालिटी और फैंटेसी एलिमेंट्स का मेल है, जिससे यह साफ हो गया है कि ‘द राजा साब’ सिर्फ कहानी नहीं, दृश्यात्मक अनुभव भी है।
कास्ट और क्रू में कौन-कौन है?
- प्रभास – मुख्य भूमिका में
- निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन और रिद्धि कुमार – अहम भूमिकाओं में
- निर्देशक – मारुति (जिन्हें कई हिट तेलुगु फिल्मों के लिए जाना जाता है)
- निर्माता – टीजी विश्वप्रसाद
- संगीत – थमन एस
रिलीज डेट और बदलाव
पहले यह फिल्म 10 अप्रैल 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई। अब ‘द राजा साब’ 5 दिसंबर 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फैंस का रिएक्शन: “एक और 1000 करोड़ तय!”
टीज़र आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे हाथों-हाथ लिया। कोई इसे “ब्लॉकबस्टर” बता रहा है तो कोई “बाप ऑफ एक्सपेरिमेंट”। एक फैन ने लिखा “भारत के मौजूदा सबसे बड़े फिल्म सुपरस्टार को स्वीकार करने में मुझे कोई हिचकिचाहट नहीं है। ये फिल्म 1000 करोड़ क्लब में जाएगी।”
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर टीज़र साझा करते हुए लिखा “प्रभास इन एंड ऐज़ ‘द राजा साब’ – टीज़र आ चुका है। ये एक किंग-साइज़ एंटरटेनर लग रही है जिसमें प्रभास जबरदस्त फॉर्म में हैं। फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज़ होगी।”




