देश

सिक्किम में बारिश बनी मुसीबत, भूस्खलन से NH-10 पर यातायात बाधित

Lucknow Focus News Desk: सिक्किम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) पर भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे पश्चिम बंगाल के सेवोक से सिक्किम के रैंगपो तक का सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह 52 किलोमीटर लंबा हाईवे ही सिक्किम को बंगाल से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है और इसके बाधित होने से सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कलिम्पोंग जिले के ’29 माइल’, काली झोरा, सेती झोरा, सेल्फी दारा, बिरिक दारा, लिखुवीर, मे‍ली और भालू खोला जैसे इलाकों में सड़कें मलबे से पूरी तरह बंद हो गई हैं। कुछ स्थानों पर आवाजाही पूरी तरह ठप है, तो कुछ इलाकों में आंशिक रूप से एकतरफा ट्रैफिक शुरू किया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) की टीम युद्ध स्तर पर काम कर रही है। भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाने का कार्य जारी है।

एक अधिकारी ने बताया, कुछ जगहों पर ट्रैफिक आंशिक रूप से चालू कर दिया गया है, लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते खतरा बना हुआ है। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द रास्ता साफ किया जा सके।

यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कलिम्पोंग पुलिस भी मोर्चे पर तैनात है। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करें और यात्रा से पहले स्थानीय प्रशासन या ट्रैफिक अपडेट की जानकारी जरूर लें।

Also Read: Yogi govt to implement Green City Monitoring System in 3 phases, rank cities

Related Articles

Back to top button