परिवार नियोजन: जनसंख्या नियंत्रण ही नहीं, बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी है: डॉ. पिंकी जोवेल

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की शुरुआत हो चुकी है। यह विशेष अभियान 18 जुलाई तक चलेगा, जिसका मकसद सिर्फ जनसंख्या को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि परिवारों को सशक्त और सुरक्षित बनाना है। इस साल की थीम है “माँ बनने की उम्र वही, जब तन और मन की तैयारी सही”।
क्या है अभियान का उद्देश्य?
इस पखवाड़े के जरिए लोगों को परिवार नियोजन के महत्व, सही उम्र में गर्भधारण, और विभिन्न गर्भनिरोधक विकल्पों के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की मुफ्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है ताकि हर जरूरतमंद को सही समय पर मदद मिल सके।
क्या-क्या हो रहा है इस अभियान में?
- स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाएं और परामर्श
- नवविवाहित जोड़ों को शगुन किट और गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी
- आशा कार्यकर्ताओं और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की सक्रिय भूमिका
- सारथी वाहन के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता
- सास-बेटा-बहू सम्मेलन, जिसमें परिवार नियोजन पर खुलकर बातचीत होगी
डॉ. पिंकी जोवेल का संदेश
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
उनका कहना है कि “परिवार नियोजन सिर्फ संख्या घटाने का साधन नहीं है, यह महिलाओं की सेहत, बच्चों के पोषण और पूरे परिवार की खुशहाली का आधार है। हर दंपति को अपने जीवन के फैसले खुद लेने का हक होना चाहिए और हम उन्हें इसके लिए जरूरी जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।”
सामूहिक प्रयास से मिलेगा सफलता
NHM के महाप्रबंधक डॉ. सूर्यान्शु ओझा ने बताया कि इस अभियान के तहत हर जिले में लक्ष्य आधारित शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि बिना जनभागीदारी के कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता। यही कारण है कि पंचायती राज संस्थाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर निकाय, और स्वयं सहायता समूहों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है।
गर्भनिरोधक विकल्पों की जानकारी (Basket of Choice)
- कॉपर टी (IUCD)
- प्रसव बाद IUCD (PPIUCD)
- गर्भपात बाद IUCD (PAIUCD)
- अंतरा इंजेक्शन (त्रैमासिक)
- छाया गोली (नॉन-हॉर्मोनल)
- माला-एन गोली
- आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली
स्थायी साधन:
- पुरुष नसबंदी (NSV)
- महिला नसबंदी (Minilap/Tubectomy)
उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि “सुनियोजित परिवार, स्वस्थ समाज की नींव है।” इस अभियान के ज़रिए कोशिश यही है कि हर महिला और हर परिवार को सही जानकारी, समय पर मदद और एक बेहतर भविष्य की दिशा मिले।




