शुभांशु शुक्ला की वापसी पर देश को गर्व, अंतरिक्ष से लौटेंगा लखनऊ का सपूत, घर में जश्न का माहौल

Lucknow Focus News Desk: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज, 14 जुलाई को अपने Axiom-4 अंतरिक्ष मिशन के बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से धरती की ओर वापसी की उड़ान भरेंगे। यह मिशन उनके और देश दोनों के लिए गौरवशाली सफर रहा है। शुभांशु, तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ शाम 4:35 बजे (भारतीय समयानुसार) आईएसएस से अनडॉक होंगे और अगले दिन 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे अमेरिका के कैलिफोर्निया तट के पास प्रशांत महासागर में लैंड करेंगे।
लखनऊ में उत्सव जैसा माहौल
शुभांशु के घर लखनऊ में आज का दिन बेहद खास है। उनके माता-पिता और परिवारजन बेटे के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने बताया, “हमने भोलेनाथ से प्रार्थना की कि हमारा बेटा सुरक्षित लौटे। आज हमारे लिए गर्व और सौभाग्य का दिन है। हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारा बेटा इतनी ऊंचाइयों तक जाएगा। अब हम उसके नाम से पहचाने जाते हैं।”
परिवार ने सुबह मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। पूरे घर में उत्सव का माहौल है।
शुभांशु की मां आशा शुक्ला ने भावुक होते हुए कहा, “अगर हमारी मर्जी होती, तो हम अभी उसी वक्त उससे मिलने पहुंच जाते। मगर हम तो भगवान से यही प्रार्थना कर रहे हैं कि वह सुरक्षित लौटे और उसे कोई नुकसान न पहुंचे।”
बहन ने जताई खुशी, कहा – ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तान’
शुभांशु की बहन शुचि मिश्रा ने बताया कि उनका परिवार एक-एक दिन गिन रहा था। “हर दिन हमने उनके लिए दुआ की। जब हम उनसे बात करते थे, तो उनकी आवाज में गर्व और खुशी झलकती थी। एक पायलट से अंतरिक्ष यात्री बनने तक उन्होंने न केवल देश को गौरवान्वित किया, बल्कि अंतरिक्ष से भारत को देखने का सपना भी पूरा किया।”
अंतरिक्ष में बोले – “आज का भारत अभी भी सारे जहां से अच्छा दिखता है”
ISS से विदाई के वक्त आयोजित एक भावनात्मक समारोह में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के ऐतिहासिक शब्दों को याद किया और भावुक स्वर में कहा “आज का भारत अंतरिक्ष से महत्त्वाकांक्षी दिखता है, निडर दिखता है, गौरवशाली दिखता है – और इसीलिए मैं फिर कह सकता हूं कि आज का भारत अब भी ‘सारे जहां से अच्छा’ दिखता है।”
उन्होंने इस मिशन को सफल बनाने के लिए ISRO, NASA, Axiom Space और SpaceX का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने दुनिया भर के वैज्ञानिकों और प्रोफेशनल्स के साथ काम करने को एक अविस्मरणीय अनुभव बताया।
क्यों है यह मिशन खास?
शुभांशु शुक्ला, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन हैं और अब अंतरिक्ष यात्रा करने वाले भारत के चुनिंदा लोगों में शुमार हो चुके हैं।
Axiom-4 मिशन के तहत उन्होंने 17 दिन अंतरिक्ष में बिताए, जिसमें उन्होंने वैज्ञानिक प्रयोग, तकनीकी अनुभव और वैश्विक सहयोग का परिचय दिया।
Also Read: RPF को पहली बार मिली महिला महानिदेशक , सोनाली मिश्रा के नाम जुड़ा नया कीर्तिमान




