बिजनेस

केंद्र सरकार के कर्मचारियों को रक्षाबंधन से पहले बड़ी खुशखबरी, DA में हो सकती है 4% तक बढ़ोतरी

Lucknow Focus News Desk: देश के करोड़ों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए रक्षाबंधन से पहले एक अच्छी खबर आने की उम्मीद है। केंद्र सरकार जल्द ही महंगाई भत्ते (Dearness Allowance – DA) में इजाफे का ऐलान कर सकती है। अनुमान है कि जुलाई 2025 में DA में 3 से 4 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है।

DA में बढ़ोतरी का बेस AICPI-IW डेटा

महंगाई भत्ते की गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आधार पर की जाती है, जिसे श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत श्रम ब्यूरो हर महीने जारी करता है। ये आंकड़े देश के 88 औद्योगिक केंद्रों के 317 बाजारों से जुटाई गई खुदरा कीमतों पर आधारित होते हैं।

मार्च 2025 में CPI-IW इंडेक्स 143 अंक पर था, जो मई तक बढ़कर 144 पर पहुंच गया है। इन आंकड़ों के आधार पर एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि जुलाई 2025 से DA में 3 से 4 प्रतिशत तक की वृद्धि संभव है।

वर्तमान में DA दर 55%

सरकार साल में दो बार – जनवरी और जुलाई के लिए – महंगाई भत्ते की समीक्षा करती है, जिसकी घोषणा आमतौर पर मार्च और सितंबर में की जाती है। मार्च 2025 में 2% की बढ़ोतरी के साथ फिलहाल DA 55% पर है। यह लाभ केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिलता है, जबकि पेंशनर्स को इसी के समान Dearness Relief (DR) दिया जाता है।

अगर जुलाई में DA में 3-4% की बढ़ोतरी होती है तो यह दर 58% या 59% तक पहुंच सकती है।

महंगाई भत्ता कैसे होता है कैलकुलेट?

सरकार पिछले 12 महीनों के CPI-IW औसत के आधार पर निम्नलिखित फॉर्मूले से DA की गणना करती है। महंगाई भत्ता (%) = [(12 महीने का औसत CPI-IW – 261.42) ÷ 261.42] × 100, यहां 261.42 को 7वें वेतन आयोग के आधार पर तय बेस इंडेक्स माना गया है।

ग्रामीण मुद्रास्फीति में गिरावट का भी असर

हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार, मई 2025 में कृषि और ग्रामीण श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई घटकर क्रमश: 2.84% और 2.97% पर आ गई, जो अप्रैल में 3.5% से अधिक थी। CPI-AL और CPI-RL इंडेक्स भी मामूली गिरकर क्रमश: 1305 और 1319 अंक पर आ गए हैं। हालांकि ये इंडेक्स सीधे तौर पर DA की गणना में शामिल नहीं होते, लेकिन इससे CPI-IW में भी स्थिरता या सीमित बढ़ोतरी के संकेत मिलते हैं।

अंतिम फैसला कब होगा?

अभी सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जून 2025 के CPI-IW आंकड़े जारी होने के बाद सितंबर या अक्टूबर 2025 में DA में बढ़ोतरी का ऐलान किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो रक्षाबंधन (जो 18 अगस्त को है) से पहले ही कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिल सकता है।

रिटेल महंगाई और CPI-IW में आए बदलावों के मद्देनज़र जुलाई 2025 में DA में 3-4% तक इजाफा तय माना जा रहा है। इससे लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत मिल सकती है।

Also Read: गुरुग्राम में अडानी रियल्टी का ‘Veris’ प्रोजेक्ट, कीमत 20 करोड़ से शुरू: जानिए क्या है इसकी खासियत

Related Articles

Back to top button