लखनऊ

UPMRC में गणेश चतुर्थी पर खास आयोजन: हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर लगेगी “गणेश के प्राकृतिक स्वरूप” फोटो एग्जीबिशन

छायाकार पुनीत कात्यायन के 20 अद्भुत चित्रों की लगेगी प्रदर्शनी; यूपी मेट्रो के एमडी सुशील कुमार 13 सितंबर को करेंगे उद्घाटन

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर एक अनूठी कलात्मक पहल करने जा रहा है। स्टेशन परिसर (गेट नंबर-1, रॉयल कैफे प्रवेश द्वार) में प्रसिद्ध छायाकार पुनीत कात्यायन की एकल छायाचित्र प्रदर्शनी “The Natural Forms of Ganesha” का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का क्यूरेशन वरिष्ठ कला समीक्षक भूपेंद्र कुमार अस्थाना ने किया है।

13 सितंबर को होगा भव्य उद्घाटन

प्रदर्शनी का आधिकारिक उद्घाटन रविवार, 13 सितंबर 2026 को शाम 4:00 बजे होगा। UPMRC के प्रबंध निदेशक (MD) सुशील कुमार बतौर मुख्य अतिथि इस प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। आम नागरिकों और कला प्रेमियों के लिए यह प्रदर्शनी 13 से 17 सितंबर 2026 तक नि:शुल्क अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी।

प्रकृति, कला और आस्था का अद्भुत संगम

इस प्रदर्शनी में पुनीत कात्यायन द्वारा खींचे गए 20 चयनित छायाचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इन तस्वीरों की खासियत यह है कि इनमें वृक्षों के तनों की प्राकृतिक बनावट, रेखाओं और उभारों में स्वतः उभरने वाले भगवान गणेश के स्वाभाविक स्वरूपों को कैमरे में कैद किया गया है। तस्वीरों में किसी भी तरह की कृत्रिम छेड़छाड नहीं की गई है, बल्कि प्रकृति में पहले से मौजूद आकृतियों को संवेदनशीलता के साथ उभारा गया है।

यूपी मेट्रो प्रशासन ने राजधानी के सभी कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और आम शहरवासियों से इस प्रदर्शनी में पहुंचकर प्रकृति और आस्था के इस सुंदर मेल का आनंद लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button