महंगाई से मिली राहत, दो साल में सबसे सस्ती हुई थाली

Lucknow Focus News Desk: जुलाई के महीने में आम आदमी को महंगाई से बड़ी राहत मिली है। पिछले दो सालों के मुकाबले इस जुलाई में आम आदमी की थाली सबसे सस्ती हो गई है। इसका मुख्य कारण थोक महंगाई का लगातार दूसरे महीने शून्य से नीचे रहना है।
थोक महंगाई में भारी गिरावट
सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में थोक मूल्य सूचकांक (WPI) पर आधारित मुद्रास्फीति शून्य से नीचे -0.58 प्रतिशत रही। यह जून में -0.13 प्रतिशत थी और पिछले साल जुलाई में यह 2.10 प्रतिशत थी। इस गिरावट का सीधा असर रोजमर्रा की चीजों पर पड़ रहा है। उद्योग मंत्रालय ने बताया कि यह कमी मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों, खनिज तेलों और कच्चे पेट्रोलियम की कीमतों में गिरावट के कारण हुई है।
सब्जियों के दाम में बड़ी कमी
आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में 6.29 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट सब्जियों के दाम में देखने को मिली, जिनकी कीमतों में 28.96 प्रतिशत की कमी आई है। दूसरी तरफ, विनिर्मित उत्पादों में मुद्रास्फीति थोड़ी बढ़कर 2.05 प्रतिशत रही, जबकि ईंधन और बिजली की महंगाई 2.43 प्रतिशत पर रही।
रिटेल महंगाई भी रिकॉर्ड निचले स्तर पर
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) खुदरा महंगाई दर को ध्यान में रखता है। खुदरा मुद्रास्फीति जुलाई में आठ साल के निचले स्तर 1.55 प्रतिशत पर आ गई है। इसी को देखते हुए RBI ने इस महीने की शुरुआत में नीतिगत दरों को 5.5 प्रतिशत पर ही बनाए रखा है।




