बिग बॉस 20 में बड़ा ड्रामा: स्काउट के बयान से मायूस हुईं ईशा रिखी, यंग डीएसए के छलके आंसू, घर में आया नया ‘लाइफ’ ट्विस्ट

Lucknow Focus News Desk: सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में हर बीतते दिन के साथ ड्रामा और हाई-वोल्टेज विवाद बढ़ता जा रहा है। मेकर्स द्वारा जारी किए गए नए प्रोमो में घर के अंदर तीखी बहस, प्रतिभागियों के भावुक पल और एक बड़ा गेम-चेंजिंग ट्विस्ट देखने को मिला है।
स्काउट के बयान से मायूस हुईं ईशा रिखी
एक प्रोमो में ईशा रिखी, स्काउट (तन्मय सिंह) के रवैये से काफी नाराज और मायूस नजर आईं। ईशा ने उनसे कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि अगर कोई उनकी आंख में रंग डालेगा तो वे उसके मुंह पर थप्पड़ मारेंगे। इस पर स्काउट ने सफाई देते हुए कहा कि उन पर हमला होने की स्थिति में वे लड़का या लड़की नहीं देखेंगे। ईशा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए अन्य सदस्यों से कहा कि सबके सामने थप्पड़ मारने जैसी बात कहना बेहद अजीब है। वहीं, रीति तिवारी ने भी स्काउट को टोकते हुए कहा कि वे सबके सामने इस तरह का बयान नहीं दे सकते।
यंग डीएसए का छलका दर्द, फूट-फूटकर रोए
दूसरे प्रोमो में प्रतिभागी ‘यंग डीएसए’ घर के बाकी सदस्यों के सामने अपना दर्द बांटते हुए बिलख-बिलखकर रोते दिखे। उन्होंने भावुक होकर कहा, “अगर लोग मुझे अपना नहीं मानते तो वे मेरे लोग नहीं हैं। मुझे लगता है कि मैं हार गया हूं। लोग मुंह पर प्यार जताते हैं और पीठ पीछे हमला करते हैं।” इस दौरान घर के अन्य प्रतिभागियों ने उन्हें संभाला और सांत्वना दी।
घर में आया नया ट्विस्ट: ‘लाइफ’ छीनने का खेल
शो में एक नया और सनसनीखेज ट्विस्ट भी आने वाला है। जारी प्रोमो में सभी प्रतिभागियों को बैठाकर बताया गया कि आज ‘चुनने वाला खेल’ खेला जाएगा, जिसमें किसी एक सदस्य के पास दूसरे की ‘लाइफ खत्म करने’ की ताकत होगी। आगे बढ़ने के लिए प्रतिभागियों को किसी अन्य सदस्य की लाइफ छीननी होगी, जिससे घर का माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है।




