देश

बिहार चुनाव से पहले लालू परिवार में सियासी घमासान, तेज प्रताप के ‘जयचंद’ वाले बयान पर चुप्पी

Lucknow Focus News Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्य का सियासी तापमान चढ़ा हुआ है। इस बीच लालू यादव का परिवार भी राजनीतिक विवादों से घिर गया है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि परिवार के ‘पांच जयचंद’ उनके राजनीतिक करियर को खत्म करने की साजिश कर रहे हैं। हालांकि अब वे अपने ही बयान से पीछे हटते नजर आ रहे हैं।

तेज प्रताप का आरोप और पलटी

कुछ दिन पहले तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि उनके करियर को बर्बाद करने के पीछे परिवार के पांच लोग हैं। उन्होंने कहा था कि वे जल्द ही इन जयचंदों का नाम और चेहरा जनता के सामने लाएंगे। लेकिन तय समय के बावजूद उन्होंने कोई खुलासा नहीं किया और अब इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली है। जब मीडिया ने उनसे सवाल पूछा तो उन्होंने टालते हुए कहा अब छोड़िए इस सब पर, हम टिप्पणी नहीं करना चाहते। हम बेगूसराय जा रहे हैं।

लालू परिवार में दरार

तेज प्रताप यादव पहले ही बगावती तेवर अपना चुके हैं। उन्हें आरजेडी से निकालने के साथ ही लालू यादव ने परिवार से भी बेदखल कर दिया था। इसके बाद से तेज प्रताप लगातार अलग राह पर चल रहे हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि अगला विधानसभा चुनाव वे महुआ सीट से लड़ेंगे। साथ ही अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाने की घोषणा कर दी है, जिसका रजिस्ट्रेशन चुनाव आयोग में लंबित है।

विवाद की वजह

तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव नाम की एक लड़की की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। माना जा रहा है कि यही वजह रही कि लालू प्रसाद यादव ने बेटे पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

चुनावी असर

बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लालू परिवार में यह अंदरूनी कलह न सिर्फ सियासी चर्चाओं को हवा दे रही है, बल्कि आरजेडी की रणनीति पर भी सवाल खड़े कर रही है। तेज प्रताप की अलग पार्टी और लगातार दिए जा रहे विवादित बयानों से आने वाले चुनाव में समीकरण बदल सकते हैं।

Related Articles

Back to top button