विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष: नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली से समाधि तक की यात्रा पर यूपी पर्यटन का 50% छूट ऑफर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग (UPSTDC) ने ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के तहत ‘विश्व पर्यटन दिवस’ के अवसर पर संत नीब करौरी बाबा के जीवन से जुड़े स्थलों की तीन दिवसीय विशेष आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत की है। 25 से 27 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस टूर पैकेज पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को करीब 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। 16,500 रुपये की सामान्य कीमत वाला यह पैकेज इस अवसर पर केवल 8,500 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस पैकेज के माध्यम से पर्यटकों को नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली फिरोजाबाद के अकबरपुर गांव से लेकर उनकी समाधि स्थल वृंदावन तक के सफर का अनुभव मिलेगा। यात्रा लखनऊ से शुरू होकर फर्रुखाबाद (नीब करौरी बाबा आश्रम, सांकिसा बौद्ध स्तूप/अशोक स्तंभ), फिरोजाबाद (अकबरपुर), मथुरा (श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर) और वृंदावन (प्रेम मंदिर, समाधि स्थल, बांके बिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर) को कवर करते हुए पुनः लखनऊ में समाप्त होगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह पहल राज्य के कम चर्चित आध्यात्मिक स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक प्रयास है। 8,500 रुपये के इस पैकेज में डबल शेयरिंग के आधार पर एसी आवास, भोजन (नाश्ता, दोपहर/रात का खाना, हाई टी), प्रवेश शुल्क और टूर गाइड की सुविधाएं भी शामिल हैं।




