डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पीएम मोदी की जमकर की तारीफ, बोले- उनकी नीयत और नीति ने देश को समृद्ध किया

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक लेख के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीति और नीयत ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को साकार करते हुए गरीब, किसान और वंचितों के जीवन को समृद्ध किया है। पाठक ने मोदी के नेतृत्व को ‘अंत्योदय और लोक कल्याण’ का प्रतीक बताया।
‘विकास के आधुनिक शिल्पकार हैं पीएम मोदी’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी किसी भी निर्णय को लेने से पहले उसकी बारीकी और दीर्घकालिक प्रभाव का विश्लेषण करते हैं। उनके नेतृत्व में देश आज विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसकी नींव पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ पर आधारित है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2014 में पीएम मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार गरीब, किसान, पिछड़े, वंचित, युवा और महिलाओं की सरकार होगी, और आज यह सच साबित हो रहा है। उन्होंने पीएम मोदी को आर्थिक सुधारों का आधुनिक शिल्पकार बताते हुए कहा कि जीएसटी में किए गए बदलाव इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं।
जन-कल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रवाद पर फोकस
पाठक ने मोदी सरकार की कई जन-कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया, जैसे स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन। उन्होंने आरोप लगाया कि इन योजनाओं के लाभार्थी वो लोग हैं जिन्हें कांग्रेस ने सिर्फ वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया।
उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी मोदी सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है। अनुच्छेद 370 और 35-ए को हटाकर उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा किया है। इसके साथ ही तीन तलाक की समाप्ति और नारी शक्ति अधिनियम जैसे कदम भी महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आज देश का नेतृत्व एक ऐसे व्यक्ति के हाथ में है जिसके पास नीति और नीयत दोनों की स्पष्टता है।




