यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगी उत्तर प्रदेश की कृषि संस्कृति, 1000 वर्ग मीटर में लगेगी प्रदर्शनी

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाले तीसरे इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस 2025) में इस बार राज्य की कृषि संस्कृति और आधुनिक कृषि तकनीक का खास प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होने वाले इस शो का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को करेंगे।
कृषि क्षेत्र को मिलेगा बड़ा मंच
इस आयोजन में कृषि विभाग को 1000 वर्ग मीटर का बड़ा क्षेत्र मिला है, जहां कृषि से जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्शाया जाएगा। इसमें पाँच कृषि विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम, और वाराणसी का अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान भी हिस्सा लेंगे। यह शो किसान उत्पादक संगठनों (FPO), प्रगतिशील किसानों और कृषि कंपनियों को अपने उत्पादों और तकनीकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का मौका देगा।
ये भी होंगे शामिल
पांच कृषि विश्वविद्यालय: चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (कानपुर), आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (अयोध्या), सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (मेरठ), बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (बांदा), और सैम हिंगिंग बॉटम कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (प्रयागराज)।
बुलंदशहर, प्रयागराज, एटा, झांसी, मेरठ, महोबा, सहारनपुर, बाराबंकी, गौतमबुद्धनगर, लखनऊ, और सिद्धार्थनगर सहित 15 से अधिक किसान उत्पादक संगठन अपने उत्पादों को दिखाएंगे।
17 कृषि यंत्रीकरण कंपनियां, 9 बीज कंपनियां, 8 उर्वरक कंपनियां, और 8 कृषि रक्षा रसायन बनाने वाली कंपनियां भी इस आयोजन का हिस्सा होंगी।
कृषि विभाग ने इस पूरी प्रदर्शनी की देखरेख के लिए कई नोडल अधिकारियों को भी नियुक्त किया है ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यह आयोजन आने वाले अतिथियों को उत्तर प्रदेश की कृषि प्रगति से परिचित कराएगा।




