Lucknow News: अयोध्या रोड पर बनेगा 7.7 किमी लंबा 6-लेन फ्लाईओवर
2,000 करोड़ की लागत से चार साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट, जाम से मिलेगी राहत

Lucknow Focus News Desk: राजधानी के लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अयोध्या रोड पर पॉलीटेक्निक चौराहा से किसान पथ तक 7.7 किलोमीटर लंबे 6-लेन फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारी पूरी कर ली है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) उत्तर प्रदेश सेतु निगम को सौंप दी गई है।
पूर्वांचल के यात्रियों को भी फायदा
इस फ्लाईओवर से न केवल लखनऊवासियों को जाम से राहत मिलेगी, बल्कि गोंडा, बहराइच, अयोध्या और गोरखपुर समेत पूर्वांचल से आने-जाने वाले लाखों यात्रियों का सफर आसान होगा। परियोजना की अनुमानित लागत 1,583 करोड़ रुपये है, जबकि यूटिलिटी शिफ्टिंग पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कुल मिलाकर लागत लगभग 2,000 करोड़ रुपये पहुंचेगी।
आधुनिक तकनीक और IIT कानपुर से परीक्षण
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि फ्लाईओवर सिंगल पिलर डिजाइन पर आधारित होगा, जिसकी चौड़ाई 27 मीटर होगी। इसमें सात स्थानों पर चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी, जिससे खुर्रम नगर, जनकीपुरम और विकास नगर जैसे इलाकों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। परियोजना का तकनीकी परीक्षण IIT कानपुर से कराया जाएगा और निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सेतु निगम संभालेगा।
चरणबद्ध निर्माण, चार साल में पूरा
अधिकारियों के अनुसार, फ्लाईओवर का निर्माण चरणबद्ध तरीके से होगा ताकि मौजूदा ट्रैफिक पर कम से कम असर पड़े। पूरा प्रोजेक्ट चार साल में तैयार हो जाएगा। इस दौरान बिजली, पानी, सीवर और अन्य सुविधाओं की लाइनें शिफ्ट की जाएंगी। सोमवार को एलडीए उपाध्यक्ष ने जलकल और अन्य विभागों के साथ बैठक कर यूटिलिटी शिफ्टिंग की रूपरेखा तय की।
हाईकोर्ट भी रख रहा है नजर
यह परियोजना इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के निर्देश पर भी महत्वपूर्ण है। 2017 में जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने फ्लाईओवर योजना पर प्रगति रिपोर्ट मांगी थी। हाल ही में अदालत ने दिसंबर तक अपडेट जमा करने का आदेश दिया है। सुनवाई में प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी, आवास एवं शहरी नियोजन, वीसी एलडीए और मेट्रो जीएम ने हिस्सा लिया। कोर्ट को बताया गया कि मेट्रो लाइन इस रूट पर संभव नहीं है, इसलिए फ्लाईओवर ही समाधान है।
ग्रीन कॉरिडोर का हिस्सा, मिलेगी बड़ी राहत
यह परियोजना ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसकी कुल लागत 7,000 करोड़ रुपये है। नया फ्लाईओवर बनने के बाद गोंडा-बहराइच से आने वाले यात्री सीधे किसान पथ से जुड़ सकेंगे, जो इकाना स्टेडियम, गोमती नगर और शहीद पथ तक कनेक्टिविटी देगा। इससे शहीद पथ पर भी ट्रैफिक का दबाव घटेगा।




