लखनऊ

लखनऊ के प्रमुख बाजारों में जाम और अतिक्रमण पर लखनऊ व्यापार मंडल का ज्ञापन, JCP को सौंपी मांगों की सूची

Lucknow Focus News Desk: लखनऊ व्यापार मंडल द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात, अवैध अतिक्रमण, ई-रिक्शा के अनियंत्रित जमावड़े और पार्किंग की विकराल होती समस्याओं के समाधान हेतु एक विस्तृत ज्ञापन संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट को सौंपा गया। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र और वरिष्ठ उपाध्यक्ष बबलू कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक के बाद यह कदम उठाया गया।

प्रमुख पदाधिकारियों के सुझाव व मांगें

अमरनाथ मिश्र (अध्यक्ष, लखनऊ व्यापार मंडल): व्यापारी कानून-व्यवस्था से संतुष्ट हैं, लेकिन जाम से व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने हर थाना स्तर पर बाजार अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ मासिक समन्वय बैठक पुनः शुरू करने की मांग की।

पवन मनोचा (वरिष्ठ महामंत्री): नाका बाजार में पुल के नीचे और सर्विस लेन में स्थायी अतिक्रमण नियंत्रण के लिए नियमित पुलिस निगरानी और विजय नगर पुलिया के पास गश्त बढ़ाने की बात कही।

जितेंद्र सिंह चौहान (वरिष्ठ महामंत्री): अमीनाबाद में फुटपाथ अतिक्रमण हटाने, पुराने ट्रैफिक पॉइंट्स को सक्रिय करने तथा पटरी दुकानदारों के लिए ‘पीली पट्टी व्यवस्था’ पुनः लागू करने का सुझाव दिया।

अनुराग मिश्रा (वरिष्ठ महामंत्री): चौक व सराफा क्षेत्र में चरक चौराहे पर ई-रिक्शा के जमावड़े को हटाने के लिए चौराहे से बाहर निर्धारित स्टैंड बनाने और विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।

सुहैल हैदर अल्वी (कोषाध्यक्ष): ट्रांसगोमती के बाजारों में केवल अभियान तक सीमित न रहकर स्थायी निगरानी प्रणाली स्थापित करने पर जोर दिया।

देवेंद्र गुप्ता (अध्यक्ष, ट्रांसगोमती): पार्किंग की किल्लत दूर करने के लिए वैकल्पिक पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निर्धारित स्थान (Zones) तय करने की मांग रखी।

व्यापार मंडल की मुख्य मांगें

प्रत्येक थाना क्षेत्र में एक नोडल पुलिस अधिकारी नामित हो।

अतिक्रमण हटाने की किसी भी कार्रवाई से पूर्व स्थानीय व्यापार मंडल के साथ संयुक्त कार्ययोजना बनाई जाए।

बाजारों में गश्त और ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित हो।

बैठक व ज्ञापन सौंपने के दौरान सुमित गुप्ता, सोमेश मिश्रा, सुशील तिवारी, मनीष गुप्ता, प्रियांक गुप्ता, मंजीत सिंह दुआ, कुश गुप्ता, सोनू पंडित, शशि शुक्ला सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button