भारत में 2.7 करोड़ महिलाएं ‘एंडोमेट्रियोसिस’ से प्रभावित: 70% से अधिक अनजान, बांझपन और अंगों को नुकसान का बढ़ा खतरा

Lucknow Focus News Desk: भारत में करीब 2.7 करोड़ महिलाएं ‘एंडोमेट्रियोसिस’ (Endometriosis) नामक गंभीर बीमारी की चपेट में हैं। यह समस्या केवल पीरियड्स के दर्द तक सीमित नहीं है, बल्कि समय पर इलाज न मिलने पर महिलाओं में इनफर्टिलिटी (बांझपन) का बड़ा कारण बन सकती है। आंकड़ों के अनुसार, दुनिया भर में हर 7 में से 1 महिला इससे प्रभावित है, फिर भी 70% से अधिक महिलाएं इस बीमारी के प्रति पूरी तरह अनजान हैं।
एंडोमेट्रियोसिस से जुड़े मुख्य बिंदु व विशेषज्ञ सलाह
इस स्थिति में गर्भाशय की अंदरूनी परत (एंडोमेट्रियम) जैसी कोशिकाएं गर्भाशय के बाहर (जैसे ओवरी, फैलोपियन ट्यूब, पेल्विस) बढ़ने लगती हैं। हर महीने हार्मोनल बदलावों के कारण इनमें सूजन, रक्तस्राव और सिस्ट बनने लगती है, जो शरीर से बाहर नहीं निकल पातीं।
लंबे समय तक बीमारी रहने पर यह अंडाशय और फैलोपियन ट्यूब को नुकसान पहुंचाती है, जिससे भ्रूण का गर्भाशय में चिपकना कठिन हो जाता है। गंभीर मामलों में यह आंत, मूत्राशय, यूरेटर्स और नसों को प्रभावित कर सकती है, जिसकी सर्जरी कई बार कैंसर सर्जरी से भी अधिक जटिल होती है।
विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि यह खराब खान-पान या गलत जीवनशैली से होने वाली बीमारी नहीं है, बल्कि यह एक इंफ्लेमेटरी (सूजन से जुड़ी) स्थिति है। उम्र बढ़ने के साथ कुछ सिस्ट के कैंसर में बदलने का जोखिम भी बना रहता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि गंभीर एंडोमेट्रियोसिस के मामलों में कैंसर की तर्ज पर ऑन्कोसर्जन या सुपर-स्पेशलिस्ट रेफरल व्यवस्था होनी चाहिए।
यदि पीरियड्स के दौरान अत्यधिक दर्द के कारण रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है, तो इसे केवल सामान्य दर्द मानकर इग्नोर न करें और तुरंत डॉक्टर से एंडोमेट्रियोसिस की जांच कराएं।




