लखनऊ

LDA और नगर निगम के उत्पीड़न पर भड़का लखनऊ व्यापार मंडल, व्यापक आंदोलन की चेतावनी

Lucknow Focus News Desk: लखनऊ व्यापार मंडल की कार्यकारी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार (7 नवंबर 2025) को व्यापार भवन, गौतम बुद्ध मार्ग पर अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने किया। इस दौरान व्यापारियों ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और नगर निगम द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।

उत्पीड़न और मालिकाना हक की मांग

बैठक में बुद्धेश्वर परिक्षेत्र के प्रभारी राम शंकर राजपूत ने बताया कि LDA द्वारा व्यापारियों को 35 वर्ष पूर्व बनी दुकानों के संबंध में नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिसे व्यापारियों ने उत्पीड़न करार दिया।

चारबाग, गुरुनानक मार्केट, अमीनाबाद और मोहन मार्केट के व्यापारियों ने मांग की कि उनकी दुकानें लगभग 70 वर्ष पुरानी हैं, इसलिए नगर निगम को उन्हें मालियत (स्वामित्व अधिकार) प्रदान करना चाहिए। साथ ही, नगर निगम कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न पर भी चिंता व्यक्त की गई।

अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा का बयान

अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने इस विषय को ‘स्वदेशी’ से जोड़ते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा “सरकार स्वदेशी अपनाने की बात करती है, लेकिन 70 वर्ष पुरानी स्वदेशी दुकानों को स्वदेशी मान्यता क्यों नहीं दी जा रही? जब हमारी दुकानें ही स्वदेशी होंगी, तभी उनमें बिकने वाला सामान भी स्वदेशी होगा।”

आंदोलन की चेतावनी

बैठक में उपस्थित सैकड़ों व्यापारियों ने एक स्वर में प्रशासन को चेतावनी दी है। सभी ने कहा कि यदि LDA और नगर निगम द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं रोका गया, तो व्यापार मंडल एक व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।

बैठक में प्रमुख रूप से राजेंद्र कुमार अग्रवाल, देवेंद्र गुप्ता, अनुराग मिश्रा, अभिषेक खरे, भारत भूषण गुप्ता, निहारिका सिंह (महिला व्यापार मंडल प्रकोष्ठ की अध्यक्ष), इमरान कुरैशी, अरुण अवस्थी, अचल मल्होत्रा, जीएस सेठी, राजेश वर्मा सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button