उत्तर प्रदेश

रन फॉर रोड सेफ्टी और नशामुक्ति: बाराबंकी में छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली, पुलिस ने किया रवाना

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के बनीकोडर क्षेत्र के ग्राम छंदवल में बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ और ‘नशामुक्ति जागरूकता अभियान’ रैली का आयोजन किया।

रैली का शुभारंभ पुलिस चौकी अहमदपुर के प्रभारी, उप निरीक्षक आलोक कुमार सिंह और संस्था अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।

पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

चौकी इंचार्ज आलोक कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए रैली को रवाना किया। उन्होंने जोर देकर कहा ‘बीमारी से ज्यादा मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हो रही हैं, जिसका मुख्य कारण यातायात नियमों का पालन न करना और नशे में वाहन चलाना है। हमें अपनी जिंदगी से प्यार करना है और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना है’।

गांव-गांव गूंजे नशामुक्ति के नारे

प्रधानाचार्य विनोद कुमार के नेतृत्व में यह जागरूकता रैली ग्राम बड़ी छंदवल और छोटी छंदवल की गलियों-मोहल्लों से गुज़री। 175 से अधिक छात्र-छात्राओं ने इस रैली में भाग लिया।

सफेद टी-शर्ट और स्काउट बैंड के साथ कतारबद्ध बच्चों ने ‘हेलमेट लगाओ, जान बचाओ’, ‘नशे में वाहन चलाओगे, मौत को बुलाओगे’ और ‘ज़िंदगी बचाएं, नशे से दूर रहें’ जैसे नारों से गांव का माहौल गुंजायमान कर दिया।

गांव की महिलाओं और बच्चों ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया, जिन्हें छात्रों ने नशे से दूर रहने और यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी। इस आयोजन में शिक्षिका वंदना वर्मा, शारदा रावत, पूनम रत्नाकर सहित सभी स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button