लखनऊ

विश्वकप विजेता दीप्ति शर्मा का लखनऊ दौरा, अभिभावकों से की खास अपील

Lucknow Focus News Desk: हाल ही में महिला क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य और उत्तर प्रदेश की स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं। उन्होंने इस ऐतिहासिक विजय यात्रा पर बात की और प्रदेश की महिला खिलाड़ियों तथा उनके अभिभावकों को प्रेरित किया।

डीएसपी दीप्ति शर्मा ने पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा से पुलिस मुख्यालय में मुलाकात की। इसके बाद, उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अपने परिवार के साथ भेंट की।

विश्वकप विजय यात्रा का अनुभव

उन्होंने बताया कि भारत की मेजबानी में हुए विश्वकप को लेकर टीम उत्साहित थी। लीग चरण में लगातार तीन मैच गंवाने के बावजूद खिलाड़ियों ने हौसला नहीं खोया और अपनी लय हासिल की, जिसका परिणाम विश्वकप ट्रॉफी के रूप में सामने आया।

दीप्ति के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला सबसे बड़ा था। सात बार की चैंपियन को हराना आसान नहीं था, लेकिन टीम आत्मविश्वास के साथ उतरी और धमाकेदार जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया।

उन्होंने अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन पर खुशी जताई, लेकिन कहा कि टीम की जीत अधिक महत्वपूर्ण थी। टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनना उनके करियर की बड़ी उपलब्धि रही, जिसे वह हमेशा संजोकर रखना चाहेंगी।

प्रधानमंत्री से मुलाकात और संदेश

दीप्ति शर्मा ने विश्वकप जीतने के बाद प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात को सहज और प्रेरक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ काफी समय बिताया और उन्हें इसी तरह आगे भी ट्रॉफियां जीतने के लिए प्रेरित किया।

अभिभावकों और महिला खिलाड़ियों से अपील

प्रदेश की महिला खिलाड़ियों के लिए संदेश देते हुए दीप्ति ने अभिभावकों की भूमिका पर ज़ोर दिया “एक खिलाड़ी होने के नाते मैं कहना चाहती हूं कि अपने लक्ष्य को तय करके उसकी प्राप्ति के लिए आगे बढ़ना चाहिए। महिलाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे लाने के लिए सबसे बड़ी भूमिका अभिभावकों की होती है। उन्हें आगे आकर अपने बच्चों को खेलों में बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।”

यूपी पुलिस में डीएसपी बनने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश से उन्हें बहुत मान-सम्मान मिला है और पुलिस में एक सदस्य होने से उनका परिवार बहुत खुश है। वह महिला क्रिकेट के बढ़ावे के लिए हमेशा तैयार हैं।

Related Articles

Back to top button