घोसी विधायक सुधाकर सिंह को अंतिम विदाई, अखिलेश यादव ने की परिवार से मुलाकात

Lucknow Focus News Desk: मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और विधायक सुधाकर सिंह के निधन से पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण 67 वर्षीय विधायक ने गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली।
अखिलेश यादव ने बंधाया ढांढस
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निधन की खबर मिलते ही वह तुरंत अस्पताल पहुंचे। अखिलेश यादव को देखकर सुधाकर सिंह के छोटे बेटे सुजीत फूट-फूटकर रोने लगे, जिस पर सपा मुखिया ने उन्हें गले लगाकर और हाथ पकड़कर हिम्मत रखने के लिए कहा। अखिलेश यादव के साथ वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल यादव भी अस्पताल पहुंचे। शिवपाल यादव ने भावुक होते हुए कहा समाजवादी पार्टी का पक्का नेता और संघर्षशील कार्यकर्ता आज हमारे बीच से चला गया है। उनकी कमी को भरना बहुत मुश्किल होगा।
सियासी प्रतिद्वंद्वी ने भी व्यक्त किया शोक
खास बात यह रही कि सुधाकर सिंह के निधन पर विरोधी दल के नेताओं ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। घोसी उपचुनाव में सुधाकर सिंह के मुख्य प्रतिद्वंद्वी रहे भाजपा नेता दारा सिंह चौहान भी शोकाकुल परिवार को हिम्मत देने के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर सुधाकर सिंह के आकस्मिक निधन को अत्यंत दुःखद बताया और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राजनीतिक महत्व
सुधाकर सिंह का निधन सपा के लिए एक बड़ी क्षति है, क्योंकि उन्हें संकट मोचन के रूप में देखा जाता था। उन्होंने 2023 में हुए घोसी उपचुनाव में भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराकर सपा के लिए यह सीट जीती थी, जो अखिलेश यादव के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई थी। उनकी तबीयत 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटने के बाद बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।




